सक्ती जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन 1 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB बिलासपुर की बड़ी कार्रवाई

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

0 पे-डेटा ट्रांसफर करने के एवज में अधीनस्थ कर्मचारी से मांगी थी रिश्वत, डभरा में ट्रैप कर रंगे हाथों दबोचा

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

सक्ती। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने सक्ती जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपने ही अधीनस्थ कर्मचारी का पे-डेटा सीएमएचओ कार्यालय भेजने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

शिकायतकर्ता गंगा प्रसाद रत्नाकर, जो जिला अस्पताल सक्ती में फार्मासिस्ट ग्रेड-2 के पद पर अटैचमेंट पर कार्यरत हैं, ने ACB से शिकायत की थी कि उनकी मूल पदस्थापना सीएमएचओ कार्यालय, पोरथा (जिला सक्ती) में है। आरोप है कि प्रभारी सिविल सर्जन फरवरी से जून 2026 तक का पे-डेटा सीएमएचओ कार्यालय भेजने के बदले प्रति माह 20 हजार रुपये के हिसाब से कुल 1 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।

 

ऐसे बिछाया गया जाल

0 ACB ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए।

0 इसके बाद बिलासपुर ACB ने ट्रैप की योजना बनाई।

0 आरोपी ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर डभरा कॉलेज मोड़ के पास बुलाया।

0 जैसे ही आरोपी ने स्कॉर्पियो वाहन में बैठकर 1 लाख रुपये लिए, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

ACB ने आरोपी के कब्जे से 1 लाख रुपये की रिश्वत राशि बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this
READ MORE  प्रियदर्शिनी नगर अंडरब्रिज बंद