

० निकाली खेल जागरुकता रैली, 100 मीटर दौड़ में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
खैरागढ़। राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के परिसर क्रमांक-1 में ‘फिट इंडिया अभियान’ के अंतर्गत “एक घंटा खेल के मैदान में” तथा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय खेल महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस खेल महोत्सव में विद्यार्थियों के लिए दौड़, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, स्पून रेस, बैडमिंटन और कबड्डी सहित विभिन्न खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
यह आयोजन भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद को समर्पित है। खेल महोत्सव का उद्घाटन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.(डॉ.) लवली शर्मा ने किया। आयोजन विश्वविद्यालय के खेल प्रभारी डॉ. रबि नारायण गुप्ता की देखरेख में हो रहा है।
उद्घाटन अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिसर में खेल जागरुकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय समुदाय को नियमित खेलकूद, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। इसके पश्चात खेल मैदान में उपस्थित शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने नियमित रूप से खेलकूद को जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सामूहिक शपथ ली।
खेल महोत्सव के उद्घाटन दिवस का प्रमुख आकर्षण 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता रही। महिला एवं पुरुष वर्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रतियोगिता के समापन पर महिला एवं पुरुष वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों की घोषणा की गई। कार्यक्रम में डॉ. नमन दत्त विभागाध्यक्ष गायन विभाग, डॉ. लीकेश्वर वर्मा सहायक प्राध्यापक गायन तथा अतिथि व्याख्याता डॉ. उमेश नेताम, शोधार्थी निहारिका, मधुष्मिता एवं जयपाल सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
