

पाटन। सेलूद भाठापारा स्थित तांदुला नहर में शनिवार सुबह 15 साल का एक कबड्डी खिलाड़ी शिवम् यादव बह गया। रायपुर गुढियारी से वह उतई में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने आया था। घटना के बाद प्रतियोगिता स्थल और आस-पास हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शिवम प्रतियोगिता स्थल के पास तादुला नहर की ओर गया था। इसी दौरान नहर किनारे हाथ-पैर धोते समय काई और ढलान के कारण उसका पैर अचानक फिसल गया। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण शिवम खुद को संभाल नहीं सका और गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह तेज धार में बहते हुए ओझल हो गया।
शिवम को नहर में बहता देख साथी खिलाड़ियों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की तेज धार के चलते वे सफल नहीं हो सके। घटना की जानकारी मिलते ही सेलूद सरपंच खिलेश मार्कंडेय मौके पर पहुंचे और पाटन पुलिस सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी।
हादसे के बाद पुलिस एवं प्रशासन की ओर से शिवम की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
