

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने जंतर-मंतर पर दोबारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका और मुख्य प्रवक्ता सौरव दास सोमवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने दिल्ली पुलिस से प्रदर्शन के लिए तारीख और समय तय कर बताने की मांग की। पार्टी नेताओं ने पुलिस को 24 घंटे का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में तारीख नहीं बताई गई, तो पार्टी खुद प्रदर्शन का अगला कार्यक्रम घोषित करेगी।
पुलिस तय करे तारीख और समय: सीजेपी
पुलिस स्टेशन पहुंचने से पहले आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि सोमवार सुबह 10 बजे वह सौरव दास, रत्ना सिंह और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाएंगे।
रांका के मुताबिक, पार्टी जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहती है। इसलिए उन्होंने पुलिस से प्रदर्शन की तारीख तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि दिल्ली पुलिस 24 घंटे के भीतर तारीख और समय नहीं बताती है, तो पार्टी अपनी ओर से अगले कार्यक्रम की घोषणा करेगी।
प्रदर्शन की अनुमति को लेकर पुलिस से मांग
सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि आमतौर पर प्रदर्शन की अनुमति के लिए पुलिस से करीब 10 दिन पहले संपर्क करने को कहा जाता है। इस बार पार्टी ने पुलिस से ही प्रदर्शन की तारीख और समय निर्धारित करने का आग्रह किया है।
दास के अनुसार, पुलिस के पास 24 घंटे का समय है। यदि इस दौरान कोई तारीख तय नहीं होती है, तो पार्टी आगे की रणनीति बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराना है।
पहले हिरासत में लिए गए थे सीजेपी के नेता
इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने सीजेपी नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को एहतियातन हिरासत में लिया था। बाद में दिल्ली की एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट अदालत ने तीनों को रिहा करने का आदेश दिया था।
पार्टी के वकील के मुताबिक, रिहाई के साथ तीनों नेताओं को एक साल तक ऐसी गतिविधियों में शामिल नहीं होने का निर्देश दिया गया, जिनसे शांति और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका हो। इस घटनाक्रम के बाद पार्टी ने एक बार फिर प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी है।
अभिजीत दीपके बोले- फिर सड़कों पर उतरेंगे
सीजेपी नेता अभिजीत दीपके ने भी विरोध प्रदर्शन जारी रखने की बात कही है। उन्होंने एक दिन पहले एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा कोई बंधपत्र नहीं दिया है, जिसमें प्रदर्शन नहीं करने की शर्त हो।
दीपके ने कहा, “हमने कोई ऐसा बॉन्ड साइन नहीं किया है, जो कहता हो कि हम प्रदर्शन नहीं करेंगे। हम फिर से सड़कों पर उतरेंगे।”
उनके इस बयान के बाद पार्टी के दोबारा प्रदर्शन करने की संभावनाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
चुनावी अनियमितताओं के मुद्दे पर इंडिया ब्लॉक का भी मार्च
इसी बीच, इंडिया ब्लॉक सोमवार को चुनावी अनियमितताओं के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट तक विरोध मार्च निकालने की तैयारी में है। गठबंधन की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा दें। इसके लिए देशभर के नागरिकों से भी आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है।
