हुडको बनेगा स्मार्ट कॉलोनी, कई कार्य हो चुके है प्रारंभ, सड़कों का होगा डामरीकरण, विधायक और महापौर ने भूमिपूजन कर शुरू कराया काम

Share this

 

दुर्ग न्यूज, 8 फरवरी। हुडको अब स्मार्ट कॉलोनी के रूप में विकसित होगा। स्मार्ट कॉलोनी बनाने के लिए हर प्रकार की सुविधाएं यहां मुहैया कराई जाएंगी। हुडको में हेल्थ सेंटर भी खुलेगा। सीवरेज सिस्टम, खेल मैदान विकसित करने, वाटर एटीएम, उद्यानों का सौंदर्यीकरण, सड़क, पानी, बिजली, डोम शेड एवं पेवर ब्लॉक, मांगलिक भवन, मैदानों को विकसित करने जैसे कई कार्य शीघ्र शुरू होंगे। इसमें से कई कार्यों की शुरुआत हो भी चुकी है। करोड़ों की लागत से बड़ा मांगलिक भवन बनाने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है, कालोनी को धूल मुक्त बनाने के लिए सड़कों के किनारे विभिन्न क्षेत्रों में पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं, इसके अलावा कई अन्य प्लानिंग हुडको के विकास के लिए तैयार हैं। सड़कों को सुधारने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को एक करोड़ की लागत से होने वाले डामरीकरण कार्य का विधायक देवेंद्र यादव व महापौर नीरज पाल एवं महापौर परिषद के सदस्य, राजस्व प्रभारी सीजू एंथोनी तथा लोक निर्माण प्रभारी एकांश बंछोर ने वार्डवासियों के साथ मिलकर भूमिपूजन किया तथा आज से डामरीकरण कार्य की शुरुआत कराई। विधायक देवेंद्र यादव ने भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान कहा कि हुडको को स्मार्ट कॉलोनी के रूप में विकसित करने काम प्रारंभ हो चुका है। इसके विकास के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर काम किया जा रहा है। महापौर नीरज पाल ने कहा कि हुडको की छोटी-छोटी समस्याएं भी दूर हुई है। उन्होंने कहा कि श्री राम चौक का भी कायाकल्प किया जाएगा तथा इसे अत्यधिक आकर्षित बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान पार्षद कोमल टंडन, जावेद खान, कुंती साहू, दानेश्वरी साहू, अरुण अग्रवाल, रवि शंकर सिंह, जोन आयुक्त खिरोद्र भोई एवं बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद रहे।

Share this
READ MORE  अब छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विशिष्टताओं पर बात होती है: मुख्यमंत्री बघेल