जामुल के दो पार्षदों ने पाला बदला, कांग्रेस में शामिल, भाजपा की शहर सरकार अल्प मत में

Share this

जोड़-तोड़कर सत्ता बचाने और बनाने में जुटे दल

दुर्ग न्यूज, 9 फरवरी। नगर पालिका जामुल में सत्तासीन भाजपा के प्रेसिडेंट इन काउंसिल के 2 सदस्य एवं पार्षदों ने कांग्रेस प्रवेश कर लिया है। इस घटनाक्रम से बहुमत वाली भाजपा सरकार अब अल्पमत में आ गई है। 20 वार्ड पार्षद की संख्या वाले इस पालिका में भाजपा की संख्या 12 से घटकर 10 रह गई है जबकि कांग्रेस की संख्या निर्दलीय समर्थकों सहित 7 से बढ़कर 9 हो गई है। एक पार्षद जनता कांग्रेस (जे) का है। खबर मिली है कि कांग्रेस पार्टी जामुल पालिका अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकती है। बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विकास परक नीतियों से प्रभावित होकर नगर पालिका परिषद जामुल में सत्तासीन भाजपा के दो वरिष्ठ पार्षद तथा पीआईसी मेंबर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। पीएचई मंत्री रुद्र गुरु ने दोनों पार्षदों को कांग्रेस का गमछा पहनाकर विधिवत कांग्रेस की सदस्यता दिलाई है।

बताया गया कि 23 वर्षों से भाजपा की सक्रिय सदस्य रहीं रामप्यारी वर्मा तथा कुलेश्वर देवांगन ने बुधवार को भाजपा छोड़ दी। रामप्यारी वर्मा पूर्व में जामुल नगर पालिका की उपाध्यक्ष तथा भिलाई जिला भाजपा में मंत्री भी रहीं। भाजपा के दो पार्षदों द्वारा पार्टी छोड़ने के बाद से जामुल पालिका में राजनीति गरमा गई है। बहुमत के आधार पर भाजपा के ईश्वर सिंह ठाकुर एक वर्ष पूर्व जनवरी 2022 में अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे जबकि उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की सीमा यादव को क्रॉस वोटिंग के कारण कांग्रेस की सुनीता चन्नेवार ने परास्त किया था। उसी समय से यह माना जाने लगा था कि भाजपा के लिए जामुल की सत्ता को संभालना आसान नहीं होगा। गुजरते समय के बाद अध्यक्ष ईश्वर ठाकुर के मध्य वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी सदस्य रामप्यारी वर्मा, कुलेश्वर देवांगन के मध्य मतभेद बढ़ते चले गए और दोनों ही पार्षद अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से बेहद नाराज रहे और इसकी शिकायत पार्टी में वरिष्ठ नेताओं तक की गयी। इस बीच अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर ने पीआईसी भंग कर दी जिससे भाजपा पार्षदों में और आक्रोश बढ़ गया।
भाजपा पार्षद राम प्यारी वर्मा ने संगठन के पास अध्यक्ष के खिलाफ उनकी उपेक्षा करने की शिकायत की परंतु समय रहते पार्टी ने ध्यान नहीं दिया। परिणामस्वरूप दोनों पार्षदों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विकासपरक नीतियों एवं कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक गुरु रुद्र कुमार और कांग्रेस के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इन परिस्थितियों में अब जामुल नगर पालिका परिषद में भाजपा के समक्ष सत्ता का संकट आ गया है।
अध्यक्ष का अड़ियल और मनमाना रवैया जिम्मेदार-रामप्यारी
राम प्यारी वर्मा का कहना है कि अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर के अड़ियल रवैया से संगठन तथा वरिष्ठ नेताओं को अवगत कराया गया था। इसके बावजूद परिस्थितियों में कोई सुधार नहीं आया। लगातार अध्यक्ष द्वारा उनकी उपेक्षा की जा रही थी वह जामुल पालिका में तीन बार पार्षद का चुनाव जीत चुकी हैं और पार्टी में विगत 25 वर्षों से कई पदों पर रहते हुए सेवा करती आ रहीं। ऐसे में लगातार एक वर्ष से अध्यक्ष के द्वारा की जा रही उनकी उपेक्षा से परेशान होकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विकास नीतियों से प्रेरित होकर एवं गुरु रुद्र कुमार के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
सत्ता बचाने प्रयास जारी-बिचपुरिया
जिला भाजपा अध्यक्ष ब्रजेश बिचपुरिया ने बताया कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस पार्टी सदैव से ही तोड़ फोड़ की राजनीति करते आ रही है। शासन प्रशासन एवं भाजपा की वरिष्ठ कार्यकर्ता रामप्यारी वर्मा के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कराकर उन्हें एवं कुलेश्वर देवांगन को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई है। उन्होंने स्वीकार किया कि अध्यक्ष एवं रामप्यारी वर्मा के मध्य मतभेद चल रहे थे और इसके लिए उनके द्वारा बैठक भी ली गई थी और जल्द ही दोनों के मध्य चल रहे विवाद का निराकरण भी कर लिया जाता। इसके पूर्व कांग्रेस द्वारा जबरिया दबाव बनाकर उन्हें पार्टी ज्वाइन कराया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व को जामुल पालिका की वस्तुस्थिति से अवगत करा दिया गया है और पार्टी छोड़कर जाने वाले दोनों ही पार्षदों से भी वापसी के लिए उनके द्वारा चर्चा की जा रही है। जल्द से जल्द इस संकट का हल पार्टी के प्रदेश नेतृत्व द्वारा निकाल लिया जाएगा।

Share this
READ MORE  पाटन में बवाल, सरपंच से धक्का मुक्की, मनरेगा का को लेकर हंगामा