बस स्टैंड में गंदगी देख भड़के कलेक्टर, सीएमओ समेत तीन को नोटिस, व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनेगा

Share this

 

अधोसंरचना और निर्माणाधीन कार्यों का किया निरीक्षण
दुर्ग न्यूज 10 फरवरी। पाटन बस स्टैंड में अब हर दो घंटे में सफाई होगी। सफाई के लिए रोस्टर तैयार होगा। आज कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने पाटन शहर में बस स्टैंड का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई के बारे में सीएमओ से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सुबह एक बार सफाई की जाती है। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पाटन बस स्टैंड में बड़ी संख्या में यात्री आते हैं। उनके लिए सफाई की स्थिति अच्छी होना जरूरी है। उन्होंने सफाई का रोस्टर बनाकर यह कार्य कराने कहा। सफाई व्यवस्था बेहतर नहीं होने पर उन्होंने सीएमओ को नोटिस भी जारी किया। साथ ही विभिन्न निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर इंजीनियर और आर्किटेक्ट को भी नोटिस जारी किया गया। यहां बस स्टैंड में स्ट्रीट वेंडर्स बेतरतीब व्यवसाय कर रहे थे। कलेक्टर ने नेहरू नगर वेंडिंग जोन की तरह ही इन्हें व्यवस्थित करने कहा। वेंडिंग जोन में मिलने वाली बेहतर सुविधाओं के चलते इन व्यवसायियों का व्यवसाय भी बढ़ेगा और ग्राहकों का अनुभव भी अच्छा रहेगा। यहां बस स्टैंड काम्पलेक्स भी तैयार हो रहा है जिसमें 34 दुकानें बन रही हैं। बस स्टैंड में कुछ व्यापारी साफ-सफाई का ध्यान नहीं रख रहे थे, इन्हें कलेक्टर ने सीएमओ को नोटिस देने कहा। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन एवं एसडीएम विपुल गुप्ता भी मौजूद रहे।

आडिटोरियम में सीटिंग प्लान

पाटन में मनोरंजन के लिए सुंदर आडिटोरियम बनवाया जा रहा है। 300 सीटर इस आडिटोरियम के तैयार हो जाने से पाटन में कलात्मक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। आडिटोरियम के संबंध में कलेक्टर ने सुझाव दिये। उन्होंने कहा कि स्टेज से दर्शक दीर्घा की दूरी बढ़ाई जाए जिससे दर्शकों को स्टेज का अच्छा व्यू मिले। साथ ही उन्होंने स्टेज की लंबाई और ऊँचाई भी थोड़ा बढ़ाने के लिए कहा जिससे यह दर्शकों के लिए ज्यादा उपयोगी हो सके। उन्होंने यहां वाशरूम की संख्या बढ़ाने भी कहा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के दौरान भीड़ ज्यादा होती है ऐसे में वाशरूम ज्यादा रखने की जरूरत है। टावर एसी के माध्यम से कूलिंग की अच्छी व्यवस्था रखने भी उन्होंने कहा। साथ ही आडिटोरियम के लिए एकास्टिक पर विशेष ध्यान देने कहा।

READ MORE  अरपा में डूबने से एक ही परिवार के तीन किशोरियों की मौत

सिकोला नर्सरी में कदंब, कचनार, बादाम के पौधे भी लगाने कहा

कलेक्टर ने सिकोला स्थित हाइटेक नर्सरी का निरीक्षण भी किया। उन्होंने यहां अधिक संख्या में कदंब, कचनार तथा बादाम आदि के पौधे लगाने कहा ताकि प्लांटेशन के लिए स्थानीय जरूरतों के मुताबिक सारे प्लांट इसी नर्सरी से उपलब्ध हो जाएं।

मल्टी परपस कांप्लेक्स देखा

कलेक्टर ने मल्टी परपस कांप्लेक्स भी देखा। यहां स्पोर्ट्स ढांचे के साथ ही अत्याधुनिक लाइब्रेरी भी तैयार की जा रही है। कलेक्टर ने लाइब्रेरी के निरीक्षण में कहा कि अच्छी लाइब्रेरी में प्रकाश और वेंटीलेशन की बढ़िया व्यवस्था होती है। लाइब्रेरी के निर्माण के दौरान इन चीजों को जरूर ध्यान रखें। तैराकी में खिलाड़ियों को बढ़ावा देने यहां स्वीमिंग पूल भी तैयार किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो ताकि खिलाड़ी इसी मानक में अपनी तैयारी कर सकें और देश विदेश में होने वाली प्रतिस्पर्धाओं में अपनी जगह बना सकें। कलेक्टर ने अखरा स्थित विद्यालय निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया।

Share this