

दुर्ग न्यूज 18 फरवरी। अस्पताल सेक्टर 9 में आगजनी से प्रभावित परिवारों को मदद के लिए भिलाई विधायक देवेंद्र यादव एवं महापौर नीरज पाल विगत दिन प्रभावितों से मिले। प्रभावित परिवारों ने इस दौरान बताया कि आगजनी से दैनिक जीवन की सभी चीजें जलकर राख हो चुकी हैं। विधायक एवं महापौर ने इसे गंभीरता से लेकर अधिकारियों को मौके पर ही राहत शिविर लगाने के निर्देश दिए। अधिकारी भी तुरंत राहत कार्य में जुट गए। पूरे आगजनी क्षेत्र का सर्वे कराया गया। लगभग 25 परिवार जिसमें 72 लोग निवासरत थे, इसकी जानकारी सर्वे में हुई है। बताया गया कि ज्यादातर लोग सेक्टर 9 अस्पताल में अटेंडेंट का काम करते हैं। आगजनी से प्रभावित परिवारों से मिलने के लिए सीएम के ओएसडी मनीष बंछोर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर तथा पार्षद कोमल टंडन रात को भी पहुंचे थे और प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनको हरसंभव मदद के लिए आश्वस्त किए थे। आज सुबह प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री का वितरण किया गया। जिसमें प्रमुख रुप से महापौर नीरज पाल, एमआईसी मेंबर सीजू एंथोनी आदि मौजूद रहे। प्रभावित परिवारों के सर्वे सूची के अनुसार राहत सामग्री के रूप में बच्चे, युवा, बुजुर्ग, एवं जवान सभी के लिए कपड़े, कंबल, चप्पल, बाल्टी, मग्गा, ब्रश, इत्यादि दैनिक जीवन की चीजें प्रदान की गई। प्रभावित परिवारों के लिए जिनके दस्तावेज जल गए हैं। उनके लिए आज दस्तावेज बनवाने शिविर का आयोजन भी किया गया तथा दस्तावेज बनाने की कार्यवाही की गई। परीक्षा को देखते हुए पाठ्यपुस्तक की सामग्री उन्हें विगत रात्रि ही प्रदान कर दी गई थी। गौरतलब है कि कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा एवं निगम आयुक्त रोहित व्यास ने भी यहां पहुंच कर मौके का जायजा लिया था और उचित व्यवस्था के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया था। प्रभावित परिवारों के लिए सुलभ शौचालय सहित पेयजल एवं मोबाइल मेडिकल यूनिट तथा भोजन की व्यवस्था भी कर दी गई थी।

