
दुर्ग न्यूज, 18 फरवरी। टैक्स वसूली में बढ़ोत्तरी करने भिलाई निगम के सभागार में बैठक लेकर कई टिप्स दिए गए। कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जिसमें विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे। साथ ही नई एजेंसी श्री साई पब्लिक स्टेशनर्स के कर्मचारी भी शामिल हुए। इन सभी को संपत्तिकर की वसूली कैसे बढ़ाया जा सकता है, इसके बारे में टिप्स दिए गए। टैक्स वसूली के लिए हर पहलू को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षित किया गया। गौरतलब है कि निगम आयुक्त रोहित व्यास के निर्देश पर संपत्तिकर की वसूली बढ़ाने प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके तहत प्रशिक्षण तथा समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में प्रमुख रूप से अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, उपायुक्त नरेंद्र कुमार बंजारे एवं रमाकांत साहू, लेखा अधिकारी जितेंद्र ठाकुर तथा श्री साई पब्लिक स्टेशनर्स व निगम के अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में एजेंसी के द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा भी की गई। नई एजेंसी ने मुख्य कार्यालय सहित सभी जोन में कार्य प्रारंभ कर दिया है। टैक्स वसूली की कार्रवाई जारी है। सोमवार से संपत्तिकर की वसूली के लिए एजेंसी द्वारा डोर टू डोर टैक्स कलेक्शन को लेकर चर्चा की गई। एजेंसी को निर्देशित किया गया है कि जल्द से जल्द सभी प्रकार के टैक्स वसूली करे। निगम द्वारा 100% टैक्स वसूलने का लक्ष्य दिया गया है। कर्मचारियों को आई कार्ड के साथ ही वसूली करने कहा गया है। डोर टू डोर सर्वे कार्यों की समीक्षा भी की गई एजेंसी द्वारा कितने वार्डों का अब तक सर्वे किया जा चुका है इसकी रिपोर्ट मांगी गई है।

