

क्लब के सदस्य कल्याणकारी योजनाओं में सहयोग करें
दुर्ग न्यूज, 19 फरवरी। भिलाई क्षेत्र के अंतर्गत राजीव युवा मितान क्लब के सदस्यों ने सिंगल यूज प्लास्टिक व प्रतिबंधित प्लास्टिकमुक्त भिलाई बनाने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया। क्लब के सदस्य पावर हाउस छावनी दुर्गा मैदान में एकत्रित होकर, वहीं से रैली के रूप में प्लास्टिकमुक्त भिलाई बनाने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया। इसमें संस्था की महिला एवं पुरुष दोनों सदस्य शामिल रहे, उपस्थित सदस्य पावर हाउस सब्जी मंडी, फल मंडी ,सर्कुलर मार्केट, नंदनी रोड के किनारे फल बेचने वाले ,सब्जी बेचने वाले ,ठेले वाले ,खोमचे वाले ,मनिहारी का सामान बेचने वाले सभी को समझाते हुए प्लास्टिक के दुष्परिणाम को बताते हुए चल रहे थे ,अपने हाथों में स्लोगन लिखे तख्ते लेकर चल रहे थे। सामान खरीद रहे उपभोक्ताओं को भी समझाया कि प्लास्टिक हमारे लिए कितना खतरनाक है। इस प्लास्टिक का हम उपयोग कर फेंक देते हैं, दोबारा उपयोग नहीं होता और इससे चारों तरफ गंदगी फैलती है, नाली जाम हो जाता है। जब हम कुछ खाकर फेंक देते हैं तो पशु उसे खा लेते हैं अपाचक होने के कारण कई बार पशुओं की मृत्यु हो जाती है। प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बहुत ही नुकसानदेह है इससे हमें बचना चाहिए। सामान खरीद रहे उपभोक्ताओं को समझाइश दे रहे थे कि अपने घरों से थैला लेकर चले, जो लोग थैला लेकर घर से आए थे, उन्हें प्रोत्साहित कर सम्मान किया। यह अभियान आगे सभी बाजारों में चलेगा। राजीव मितान क्लब के सदस्य समाज के उपयोगी कल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर समाज के हित में कुछ करना चाहते हैं। भिलाई नगर के विधायक एवं राजीव मितान क्लब के राज्य स्तरीय समन्वयक देवेंद्र यादव, निगम महापौर नीरज पाल के मार्गदर्शन में कार्य किया जा रहा है। क्लब के सदस्यों ने मिलकर संकल्प लिया कि हम स्वयं भी प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करेंगे, अपने घरों से थैला लेकर सामान लेने जाएंगे और दूसरों को भी प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित करेंगे। जिससे हमारा भिलाई प्लास्टिकमुक्त बन सके। निगम आयुक्त रोहित व्यास ने निर्देश दिया है कि राजीव युवा मितान क्लब के सदस्य आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, आधार कार्ड, मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन इत्यादि बनाने के लिए अपने वार्ड में लोगों को प्रोत्साहित करें। जिससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

