लिस्टोमेनिया बार एवं क्लब में ताला, एसडीएम दुर्ग ने की छापामार कार्रवाई, संचालक सारे नियम-कानून की उड़ा रहा था धज्जियां

Share this

दुर्ग न्यूज 19 फरवरी। जुनवानी स्थित सूर्या मॉल के तृतीय तल पर संचालित लिस्टोमेनिया बार एवं क्लब का बीती रात एसडीएम दुर्ग के नेतृत्व में आकस्मिक जांच की गई। खाद्य एवं औषधि, आबकारी, राजस्व, पुलिस विभाग की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। क्लब के किचन में शाकाहारी एवं माँसाहारी खाद्य सामग्री खुले में एक के ऊपर, एक ही कन्टेनर में रखा गया था। छत पर अत्यधिक मात्रा में कचरा एवं खाली शराब की बोतलें काफी दिनों से रखी गई थी। क्लब के पास एक ही काउन्टर परमिट है किंतु क्लब द्वारा अलग-अलग फ्लोर में दो-काउण्टर संचालित किए जा रहे थे। वाशरूम में तीसरे मंजिल से नीचे गया डस्ट एरिया ओपन है जो अत्यंत खतनाक है। क्लब के पास केवल 7 स्टाफ की अनुज्ञप्ति है किंतु क्लब का केवल एक अनुज्ञप्ति प्राप्त स्टाफ कार्यरत मिला, इसके अतिरिक्त मौके पर क्लब में 47 व्यक्ति कार्यरत पाए गए। क्लब के पास फूड लायसेंस एवं गुमास्ता लायसेंस नहीं पाया गया, बार-बार उपलब्ध कराने बोलने पर भी उपलब्ध नहीं कराया गया। काउण्टर में अवैध रूप से सिगरेट का भण्डारण पाया गया, जिसके लिए भी कोई परमिट नहीं लिया गया है। क्लब में कार्यरत किसी भी स्टाफ का पुलिस वेरीफिकेशन नहीं होना पाया गया। भारी मात्रा में ऐसे होलोग्राम मिले, जिन्हें किसी भी बोतल पर लगाकर बेचा जाता है, इस फर्जीवाड़ा से शासन को अत्यधिक क्षति होना पाया गया। क्लब में कार्यरत किसी भी स्टाफ का दस्तावेज नहीं होना पाया गया। काउण्टर पर रखे निक्कर का स्टॉक रजिस्टर मौके पर मौजूद नहीं था और न ही होलोग्राम का कोई रजिस्टार संधारित किया गया। क्लब के पास डीजे संचालित करने का लायसेंस एम्यूजमेंट नहीं होना पाया गया। एफएसएसएआई लायसेंस नहीं पाया गया। अनुज्ञप्तिधारी को कार्यस्थल पर लगाया जाना (डिस्प्ले) खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा आवश्यक है। प्रभाग द्वारा मटन करी का फूड सैम्पल एकत्रित किया गया। जिसे राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजा जाएगा। क्लब द्वारा फूड एवं गुमाश्ता लायसेंस व सिगरेट का लायसेंस मौके पर उपलब्ध नहीं कराया गया। अतः मौके पर उपस्थित समस्त व्यक्तियों एवं क्लब संचालक की सहमति से आगामी आदेश तक क्लब को बंद कराया गया। उसकी चाबी खाद्य एवं औषधि विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सुपुर्द किया गया।

Share this
READ MORE  चोरी हुई कार यातायात उपनिरीक्षक दुबे ने सड़क के किनारे किया बरामद, पतासाजी से हुआ "खुलासा"