
दुर्ग न्यूज, 21 फरवरी। राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके को आज राजभवन छत्तीसगढ़ से भावभीनी विदाई दी गई। उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया एवं राज्यपाल ने सम्मान गारद का निरीक्षण किया। इस अवसर पर राजभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिवादन किया। पश्चात् राज्यपाल सुश्री उइके मणिपुर राज्य के लिए रवाना हो गईं।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव अमृत कुमार खलखो, विधिक सलाहकार राजेश श्रीवास्तव एवं उपसचिव दीपक अग्रवाल समेत राजभवन के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। ज्ञात हो कि राज्यपाल सुश्री उइके को राष्ट्रपति द्वारा मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राजभवन के अधिकारी कर्मचारियों द्वारा विगत दिनों राज्यपाल को भावभीनी विदाई दी गई थी। इस अवसर पर राज्यपाल सुश्री उइके ने राज्य के नाम संदेश भी दिया और प्रदेशवासियों का आभार जताया ।
सीएम छोड़ने गए एयरपोर्ट

राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्वयं अपनी कार में एयरपोर्ट तक छोड़ने गए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, विधायक सत्यनारायण शर्मा, धर्मजीत सिंह एसीएस सुब्रत साहू भी एयरपोर्ट तक विदा करने गए।

छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल हरिचंदन 23 को लेंगे शपथ
रायपुर, 21 फरवरी। छत्तीसगढ़ के मनोनीत राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन आज रात राजभवन विजयवाड़ा, आंध्रप्रदेश से प्रस्थान कर विशेष विमान से प्रातः 10 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल, रायपुर पहुंचेंगे। पश्चात वे राजभवन के लिए प्रस्थान करेंगे।
वे 23 फरवरी को प्रातः 11.30 बजे राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के रूप में पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल को बिलासपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति अरूप कुमार गोस्वामी शपथ दिलाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष, मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधिगण, आमंत्रित गणमान्य नागरिक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
