
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
भाजपाईयों ने पीएम के पुतले को छीनकर किया सुरक्षित
दुर्ग, 27 फरवरी। रद्द हो चुकी आबकारी नीति में कथित घोटाले के आरोप में सीबीआई द्वारा दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को दुर्ग के आम आदमी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जिला भाजपा कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। प्रदर्शन करने आप कार्यकर्ता दोपहर में रैली निकाल कर जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के उप मुख्यमंत्री व आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इशारे पर किए जाने का आरोप लगाते हुए मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारेबाजी की गई।
इसी बीच आप के आक्रोशित कार्यकर्ताओं द्वारा जिला भाजपा कार्यालय के सामने ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला जलाने का प्रयास किया गया। जिससे भाजपा नेता व कार्यकर्ता भी कार्यालय से बाहर आए और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं को पुतला जलाने से रोका। इस दौरान भाजपा व आप कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई। अंतत: भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पुतले को आप कार्यकर्ताओं के हाथों से छीनकर सुरक्षित किया और पुतला जलाने नहीं दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने विवाद बढ़ने से रोका।
झुमाझटकी की घटना से व्यथित आप कार्यकर्ताओं द्वारा मौके पर ही घटना की पुलिस से शिकायत की गई। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता युवा नेता सुमीत शर्मा व अन्य नेताओं के नेतृत्व में जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे थे। आप के युवा नेता सुमीत शर्मा ने कहा है कि दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में आप कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने जिला भाजपा कार्यालय गए थे, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने वहां आप कार्यकर्ताओं के साथ झूमाझटकी कर अपने अशोभनीय व्यवहार का परिचय दिया है। यह घटना निंदनीय है। आप के प्रदर्शन के दौरान जिला भाजपा कार्यालय के बाहर देवेन्द्र सिंह चंदेल,सौरभ चौबे, मुकेश दिल्लीवार, भारतेन्दु गौतम के अलावा अन्य कार्यकर्ता मुखर रहे। प्रदर्शन के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, जिला महामंत्री ललित चंद्राकर, जिला मंत्री आशीष निमजे व भाजपा के अन्य नेता भाजपा कार्यालय के अंदर बैठे रहे।

