साड़ी ओढ़ा महिलाओं ने पूर्व सरपंच को चप्पलों से पीटा, थाना नहीं पहुंची शिकायत

Share this

दुर्ग न्यूज डेस्क, 1 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिला अंतर्गत सनावल इलाके में महिलाओं ने मिलकर पूर्व सरपंच शिवप्रसाद सिंह की चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी है। बताया जा रहा है कि ये महिलाएं जंगल में महुआ बीनने के लिए गई थीं, महिलाओं ने पूर्व सरपंच पर गालीगलौज और बदसलूकी का भी आरोप लगाया है।

मिली जानकारी के अनुसार सनावल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कामेश्वर नगर का रहने वाला शिवप्रसाद सिंह पूर्व सरपंच है।‌इलाके की महिलाएं बड़ी संख्या में गांव से सटे जंगल में महुआ बीनने गई थीं। इसी दौरान शिवप्रसाद वहां पहुंचा और महिलाओं को महुआ बीनने से मना करने लगा। उसने महिलाओं से गालीगलौज की, साथ ही जंगल में नहीं घुसने के लिए धमकी दी। आरोप है कि शिवप्रसाद ने महिलाओं को कहा कि यह जंगल उसका है, महुआ भी उसका है, वह वन समिति का अध्यक्ष है, इसलिए वो जिसे अधिकृत करेगा, वही महुआ चुन सकता है, अब यहां दोबारा मत आना।

शिवप्रसाद की इस बात से महिलाएं भड़क गईं और चप्पलों से उसकी जमकर खातिरदारी की। महिलाओं ने पूर्व सरपंच को जमकर पीटा, साथ ही उसे साड़ी भी पहनाने की कोशिश की। महिलाओं ने दौड़ा-दौड़ाकर उसे साड़ी ओढ़ाई और उसकी धुनाई करती रहीं। आक्रोशित महिलाओं को देखकर पूर्व सरपंच भी घबरा गया। महिलाओं ने उसे घेरकर मुक्कों से भी मारा। इस दौरान वहां मौजूद कुछ ग्रामीणों ने अपने मोबाइल से पिटाई का वीडियो बना लिया, जो अब जमकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि महिलाओं ने पिटाई के बाद उसे सनावल थाना पुलिस को सौंप दिया था हालांकि इस संबंध में थाना प्रभारी रजनीश सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में से किसी ने भी रिपोर्ट नहीं दर्ज करवाई है।

READ MORE  बलौदाबाजार हिंसा मामला: कांग्रेस ने NSUI नेता सूर्यकांत वर्मा की गिरफ्तारी को बताया राजनीतिक षडयंत्र,पुलिस पर भी लगाए आरोप
Share this