दुर्ग की महिलाओं से दो करोड़ से ज्यादा की ठगी करने वाले दो आरोपी बिहार से गिरफ्तार, दुर्ग पुलिस तीन महीने से तलाश रही थी

Share this


भिलाई नगर, 2 अप्रैल। जिले की 5 हजार से अधिक महिलाओं के साथ रोजगार देने के नाम पर लगभग 2 करोड़ रुपए की ठगी के मास्टर माइंड और उसके एक साथी को दुर्ग पुलिस ने बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों ही आरोपियों को लेकर दुर्ग लौट रही है, इस पूरे मामले का खुलासा जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिला पुलिस अधीक्षक दुर्ग डॉक्टर अभिषेक पल्लव के द्वारा किया जाएगा।
दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि होमग्रोन कार्पोरेशन के डायरेक्टर सानू कुमार उर्फ सानू ने प्रेम कमल कांपलेक्स इंदिरा मार्केट दुर्ग में ऑफिस शुरू किया था। प्रार्थी श्रीमति संगीता वैष्णव से प्रार्थी श्रीमती गीता राजपूत को जानकारी मिली कि होमग्रोन कार्पोरेशन के डायरेक्टर, जिसका कार्यालय प्रेम कमल कांपलेक्स इंदिरा मार्केट दुर्ग में स्थित है, काला मोती गुथने (माला) बनाने का रोजगार दे रहा है। जब गीता इंदिरा मार्केट के कार्यालय मे गयी तब उसके ऑफिस में काम करने वाले स्टाफ मिले तथा एक ने अपना परिचय सानू कुमार होमग्रोन कारपोरेशन के प्रोपराईटर/डारेक्टर के रूप में दिया। उसने बताया कि कंपनी के द्वारा काला मोती और धागा दिया जायेगा, इसकी माला बनाकर लाना है और जब माला बनाकर वापस करोगे तब 3500 रुपए वापस करेगे और सदस्य बनने के लिए पहले 2500 रुपये जमा करना होगा और यह काम 3 साल का रहेगा। गीता राजपूत, अंजलि मोहबिया, नम्रता यादव, हितेश ठाकुर,भावना सेन्द्रे, शशीकला सोनी, सेजल राजपुत, विद्या नायक के द्वारा भी कंपनी में 2500-2500 रुपये जमा किये और ऑफिस से मिले काला मोती और धागा को लेकर घर चले गये। जब महिलाओं ने रूपया जमा किया तो उन्हें होम ग्रोन कार्पोरेशन के रोजगार समझौता के तहत 2500 जमा करने का इनवाइस और फस्ट एग्रीमेंट की प्रति दी गयी। जब महिलाएं मोती की माला बनाकर इंदिरा मार्केट कार्यालय जमा करने गईं तब जानकारी मिली कि कार्यालय में ताला लगा है। आस पास पता करने पर जानकारी मिली कि कंपनी को बंद कर डारेक्टर भाग गया है। इस प्रकार होमग्रोन कारपोरेशन के प्रोपराईटर/डारेक्टर सानू कुमार के द्वारा दुर्ग शहर की हजारों महिलाओं से मोती गुथने के रोजगार का लालच देकर करोड़ों रुपये नगदी लेकर धोखाधडी कर भाग गया। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने होमग्रोन कार्पोरेशन के इंदिरा मार्केट स्थित कार्यालय में जमकर हंगामा किया था। जिस पर पुलिस भी पहुंची थी बाद में गीता राजपूत पति यीतेन्द्र सिंह राजपुत (30 वर्ष) निवासी इंदिरा नगर बघेरा वार्ड नंबर 56 दुर्ग के द्वारा होमग्रोन कार्पोरेशन के प्रोपराईटर/डारेक्टर सानू कुमार निवासी अनुष्ठा रेसीडेंसी जुनवानी खमरिया रोड स्मृति नगर भिलाई के खिलाफ 20 जनवरी 2023 को थाना दुर्ग कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध कराया गया था। दुर्ग कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी सानू उर्फ कुमार सानू के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया और करीब 3 माह के बाद आरोपी सानू उर्फ सानू कुमार एवं उसके साथी संजय कुमार उर्फ आनंद पिता अशोक रावत उम्र 24 साल निवासी फुलवारी सरी थाना फुलवारी सरी जिला पटना बिहार से कल गिरफ्तार किया गया है। दोनों ही आरोपियों को पकड़कर दुर्ग पुलिस लेकर आ रही है। इस ठगी के बड़े मामले में मुख्य सरगना सानू एवं उसके साथी के संबंध में शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा।

Share this
READ MORE  बीएसपी के तोड़फोड़ दस्ते पर सेक्टर-9 मंदिर के बाहर भक्तों को पीटने का आरोप, डोम शेड निर्माण रोकने पहुंची टीम ने महिलाओं से भी की मारपीट, थाना पहुंची शिकायत