

???? जल्द करेंगे मामले का खुलासा, और भी वारदात कर चुका है यह गिरोह – एसपी
भिलाई नगर, 7 अप्रैल। दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में बालोद के बुजुर्ग को लूट का शिकार बनाने वाले 6 आरोपियों को पद्मनाभपुर पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस अंतर जिला गिरोह के द्वारा बेमेतरा एवं बालोद जिले में भी लूट की घटनाओं को अंजाम दिया गया है।
गौरतलब हो कि पद्मनाभपुर क्षेत्र में बीएसपी से रिटायर्ड एक बुजुर्ग से साढ़े 13 लाख रुपये की लूट कर निकल भागे आरोपियों को दुर्ग जिला पुलिस ने खोज निकाला है। गिरोह का एक आरोपी बुजुर्ग के साथ बैंक गया और अपने दो और साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसके खेत को जेसीबी से समतल करने का काम मनचाही कीमत पर किया और विश्वास हासिल कर बुजुर्ग को ठग लिया। यह घटना ग्राम हनोदा डायवर्सन के पास हुई है। लूट की ये वारदात ग्राम भोथीपार पोस्ट चारभाठा गुंडरदेही जिला बालोदनिवासी सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मी पैगंबर सिंह मंडावी (63 वर्ष) के साथ हुई है। लूटपाट करने वाले आरोपी बीते 27 मार्च को बुजुर्ग से मिले और बताया कि वे सभी जेसीबी चलाते हैं, कोई काम कराना है तो वे लोग कर देंगे। तब बुजुर्ग ने खर्च के बारे में पूछा तो कहा कि स्वेच्छा से जो मिलेगा वे रख लेंगे। अगले दिन तीनों जेसीबी लेकर उसके खेत में पहुंचे और खेत को समतल किया, काम पूरा होने के बाद वे बुजुर्ग पैगंबर सिंह से 27 लाख रुपये मांगने लगे। बुजुर्ग ने इतना पैसा देने से मना कर दिया और 50 हजार रुपये देने की बात कही। तीनों युवक ये रकम लेने को तैयार हो गए। साथ ही धमकाया भी कि ये रुपये नहीं मिले तो वे पुलिस से शिकायत कर देंगे। धमकी से पैगंबर सिंह डर गया और अगले दिन 29 मार्च को पैसे देने की बात कही। पीड़ित पैगंबर सिंह मंडावी 29 मार्च को एक जेसीबी चलाने वाले एक युवक के साथ बाइक से भिलाई आया। वहां रिसाली में रहने वाले अपने बेटे से एफडी के दस्तावेज लिए और सेक्टर-6 स्थित पंजाब नेशनल बैंक गया। अपनी एफडी तुड़वाकर 13 लाख 50 हजार रुपये बैंक से निकाले और आरोपियों के साथ वापस बालोद के लिए निकला लेकिन रास्ते में धनोरा से हनोदा के बीच डायवर्सन के पास दो और जेसीबी चलाने वाले युवक आए और तीनों ने बुजुर्ग से साढ़े 13 लाख रुपये लूट फरार हो गए। तब बुजुर्ग ने थाने में रिपोर्ट लिखाई।
पुलिस अधीक्षक दुर्ग डॉक्टर अभिषेक पल्लव ने बताया कि इस वारदात में 6 आरोपियों की संलिप्तता पाई गई है और आज सभी को गिरफ्तार कर टीम पूछताछ कर रही है। इस गिरोह के द्वारा बालोद एवं बेमेतरा जिले में भी लोगों को शिकार बनाया गया है। शीघ्र ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

