छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रहा हाथियों का उत्पात, कोरबा में ग्रामीणों को दौड़ाया, महुआ खाकर लौट गए

Share this

कोरबा,10 अप्रैल। वनमंडल कटघोरा के केंदई रेंज में 17 हाथी अलग-अलग झुंड में घूम रहे हैं। एक झुंड में 3 हाथी सड़क पार कर दूसरे जंगल पहुंचे और महुआ बीन रहे लोगों को दौड़ाया। हाथियों ने महुआ खाने के साथ ही टोकरी को भी तोड़ दिया। हाथियों के झुंड में बच्चे होने की वजह से गांव के पास नहीं जा रहे हैं।

ग्राम पंचायत घुंचापुर के कोईलारगडरा निवासी नेहरू लाल अपनी पत्नी बसंती बाई के साथ गांव के पास ही जंगल में महुआ बीनने गया था। उसी दौरान दो हाथी बच्चे के साथ पहुंच गए। हाथियों को देखकर दोनों डर कर भागने लगे। हाथियों ने दोनों को दौड़ाया भी, जब दोपहर में हाथी आगे बढ़ गए तब दोनों लौटे, लेकिन हाथियों ने बीनकर रखें महुआ को खा लिया।
इसी प्रकार रामानुजगंज के फॉरेस्ट रेंज में बीती रात हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने खेत में लगी फसलों को तबाह कर दिया। हाथियों का दल 4-5 दिनों से रामानुजगंज फारेस्ट रेंज के चिनिया, महावीरगंज और कनकपुर के आसपास के जंगलों में भ्रमण कर रहा है। ग्रामीणों में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार दिन में हाथी जंगल में रहते हैं लेकिन रात होते ही भोजन की तलाश में गांव की तरफ आते हैं और तोड़फोड़ करते हैं। हाथियों के दल ने मक्का, गेहूं सहित अन्य फसलों को रौंद कर बर्बाद कर दिया। खेतों में हाथियों के पैरों के निशान भी मौजूद है जिससे साफ पता चल रहा है कि हाथियों ने बीते रात अपनी भूख मिटाने के लिए खेत में धावा बोलकर फसलों को रौंदते हुए बर्बाद कर दिया, जिससे किसानों को नुकसान हुआ है। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई है।
हाथियों से जुड़ी एक अन्य घटना विगत दिनों बालोद क्षेत्र में हुई जहां एक दंतैल हाथी ने सीआरपीएफ कैंप की बेरीकेडिंग को तोड़कर उत्पात मचाया था।

Share this
READ MORE  महिला की हत्या के आरोपी को आजीवन कारावास | Life imprisonment for woman's murder accused