
भिलाई नगर, 10 अप्रैल।नगर निगम भिलाई समय-समय पर शिवनाथ इंटक वेल के संसाधनों का संधारण कार्य करता रहा है। गर्मी के दिनों को देखते हुए अब निगम ने पहले से ही इंटक वेल के संधारण कार्य करने का निर्णय लिया है, ताकि आने वाले गर्मी के दिनों में शुद्ध पेयजल प्रदाय करने में परेशानी न हो। जल कार्य विभाग के कार्यपालन अभियंता संजय शर्मा तथा प्रभारी सहायक अभियंता बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि भिलाई में ग्रीष्म ऋतु की तैयारी के लिए शिवनाथ इंटक वेल का मेंटेनेंस किया जाएगा। इसके लिए लगभग 10 घंटे के शटडाउन की आवश्यकता होगी। शट डाउन 12 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगा। जिसके चलते 12 अप्रैल को सायं काल में तथा 13 अप्रैल यानी कि गुरुवार को सुबह के समय पानी सप्लाई आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। भिलाई निगम के पूरे क्षेत्र में पेयजल की सप्लाई आंशिक रूप से प्रभावित होगी। निर्धारित शटडाउन की अवधि में कार्य पूर्ण करने का पूरा प्रयास जल कार्य विभाग का रहेगा। निगमआयुक्त रोहित व्यास ने सभी जोन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जलापूर्ति के आंशिक रूप से प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था बनाकर पानी की सप्लाई करें। 12 अप्रैल को संधारण का कार्य प्रमुख रुप से ट्रांसफार्मर के सभी पैरामीटर की जांच, मोटर पंप के आयल, नमी, बेयरिग, पैनल से जुड़े हुए उपकरण तथा कैपिटल रिपेयर आदि को दुरुस्त किया जाएगा।

