
भिलाई नगर, 17 अप्रैल। दुर्ग के ग्रीन चौक रेलवे कालोनी में 25 वर्ष का युवक बीती शाम शराब सेवन करने के दौरान इलेक्ट्रिक तार को पकड़ लिया। तार में करंट था जिससे उसकी मौत हो गई। लोगों ने बताया कि युवक जहां शराब पी रहा था वहीं एक ट्रांसफार्मर है और एक विद्युत तार लटकी हुई थी जिसे युवक ने पकड़ लिया था। उसके शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है तथा परिजनों की तलाश की जा रही है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अज्ञात युवक को करंट से चिपका देख लोगों ने डंडा के सहारे किसी तरह उसे छुड़ाया। इसके बाद मोहन नगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है।
मोहन नगर पुलिस के मुताबिक उन्हें रविवार देर शाम 7 बजे के करीब ग्रीन चौक के पास बने दुर्गा पंडाल से से फोन आया था। सूचना देने वाले ने बताया कि वहां लगे ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक करंट में चिपक गया है। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने देखा कि वहां के लोग बांस व डंडा के सहारे किसी तरह युवक को करंट से तो छुड़ा चुके थे, लेकिन वो पूरी तरह से बेहोशी की हालत में वहीं पड़ा था। इसके बाद 108 में फोन करके एंबुलेंस को बुलाया गया। उसमें घायल को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अज्ञात युवक की पतासाजी में मोहन नगर पुलिस लगी हुई है। टीआई विपिन रंगारी ने बताया कि मृतक शराब के नशे में था। वो शाम से ही ग्रीन चौक रेलवे कॉलोनी के सामने लगे ट्रांसफार्मर के पास बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान उसने वहां लटक रहे इलेक्ट्रिक तार को पकड़ लिया। इससे उसे करंट लगा।

