
भिलाई नगर, 24 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला में जयंती स्टेडियम में कल से पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा का शुभारंभ होने जा रहा है। यह आयोजन प्रतिदिन 1 मई तक जारी रहेगा। आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के श्रद्धालुओं के भिलाई पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है।
आपको बता दें कि देश के चर्चित कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा आज शाम तक भिलाई पहुंचेंगे और भिलाई के जयंती स्टेडियम में 25 अप्रैल से 1 मई तक वे कथावाचन करेंगे। इस दौरान 5 लाख से अधिक लोगों के वहां पहुंचने की संभावना आयोजन समिति द्वारा व्यक्त की गयी है। जयंती स्टेडियम में चाक चौबंद व्यवस्था के साथ लगभग 10 हजार लोगों की संख्या वाला विशाल डोम शेड तैयार किया गया है। कार्यक्रम को लेकर शासन-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कथा सुनने आने वाले लोगों को परेशानी से बचाने के लिए तमाम इंतजाम किए जाने का दावा आयोजन समिति ने किया है।

