छत्तीसगढ़ में 42 लाख कैश पकड़ाया, महिलाओं समेत 7 आरोपियों से पूछताछ जारी, बोल रहे – हमारा नहीं है, मिल कर बांट लेते हैं

Share this

दुर्ग न्यूज डेस्क, 23 मई। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक अजीबो गरीब मामला पुलिस के साथ लगा है जिसमें चोरों के पास बड़ी मात्रा में नोटों के बंडल देखकर पुलिस वाले भी चकरा गए हैं। दरअसल बिलासपुर में चोरी और फिर रुपए बरामदगी का यह अजीबो गरीब मामला है। वन विभाग में काम करने वाली एक महिला ने सिविल लाइन थाने में अपने घर से 20 हजार रुपए नगद और 1 लाख रुपए के गहने चोरी होने की रिपोर्ट लिखाई थी।
पुलिस ने चोरों को पकड़ा तो उनके पास से 42 लाख रुपए बरामद हो गए। चोर कह रहे हैं उन्होंने यह पूरी रकम उसी घर से चोरी की है तो महिला कह रही है, यह पैसे मेरे नहीं हैं। इसमें एक और चौंकाने वाली बात है कि इस चोरी की मास्टर माइंड महिला की बड़ी बहन ही है। वह भी गिरफ्तार कर ली गयी है। माना जा रहा है कि रुपए किसी अफसर के हैं, जिन्होंने महिला के यहां रखवाए होंगे।
एसपी संतोष सिंह ने बताया कि 21 मई को मंगला के अभिषेक विहार फेस-1 में रहने वाली सरोजनी साहू ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वे परिवार के साथ वाटर पार्क गईं थीं तभी उनके घर चोरी हुई। सरोजनी पहले वन विभाग में नौकरी करती थीं और फिर वहीं छोटे-मोटे ठेके लेने लगी थीं। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। महिला ने बताया था कि घर से 20 हजार रुपए नगद और एक लाख रुपए कीमत के गहने चोरी हुए थे। पुलिस की टीम ने सरोजनी के घर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तब 3 युवक एक नीले रंग की बिना नंबर की बाइक में बैग लेकर जाते दिखाई दिए। ये युवक रतनपुर की ओर गए थे। इसी रास्ते में पुलिस की एसीसीयू की टीम गई और सेलर के पास बाइक पर सूरज विश्वकर्मा, विशु श्रीवास और किशोरी लाल बंजारे दिखे। विशु श्रीवास अपने कंधे में एयर बैग लटकाया हुआ था। तलाशी लेने पर बैग के अंदर 25 लाख रुपए व सोने चांदी के आभूषण बरामद किए गए। इन लोगों ने स्वीकार किया कि यह चोरी उन्होंने सरोजनी के घर से की है। तीनो आरोपियों ने बताया कि नगपुरा का शिवदीप तिवारी हमारे पास आया और बोला की तुम लोगों को कुछ दिन चोरी का पैसा रखना है, जिसकी एवज में एक-एक लाख दूंगा। इसके बाद शिवदीप ने इनको बाइक और रुपयों से भरा बैग दे दिया। पुलिस ने शिवदीप तिवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वो पहले इंकार करता रहा पर कडाई से पूछताछ करने पर टूट गया और बताया कि सरोजनी साहू की सगी बहन रुकमणी साहू इस चोरी की मास्टर माइंड है। उसी ने बताया कि उसकी बहन वन विभाग से अनाप शनाप पैसा कमा रही है। इस समय भी उसके यहां एक करोड़ रुपए रखा है। उसे चोरी करना है। इसके बाद पुलिस ने रुकमणी साहू को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि उसकी बहन वन विभाग के अधिकारियों का पैसा रखती थी। इसकी जानकारी होने पर उसने बहन के यहां चोरी करने की योजना बनाई और अपने परिचित के युवकों को शामिल किया। पुलिस ने रुकमणी के यहां से भी रुपए बरामद किए। अब तक पुलिस 42 लाख रुपए और गहने बरामद कर चुकी है। रुपयों के बंडल बरामद होने व आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने सरोजनी साहू से पूछताछ की। तब उसने सीधे तौर पर रुपयों को अपना होने से इंकार कर दिया। उसने कहा कि उसके घर से इतनी बड़ी मात्रा में रुपए चोरी ही नहीं हुए है। ऐसे में बरामद रुपयों को धारा 102 के तहत संदिग्ध मानकर पुलिस अलग से जांच कर रही है।
एसपी संतोष सिंह ने कहा कि आगे इस मामले की जांच में बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है। महिला ठेकेदार की बहन रुकमणी साहू ने शिवदीप तिवारी, शिवनारायण साहू और गोलू पर्दाफाश होने पर आरोपी पक्ष और ठेकेदार महिला ने पुलिस को ऑफर किया कि रुपयों की जब्ती शो न की जाए। भले ही रुपयों को वो आपस में मिलकर बांट लें। उन्हें सिर्फ एफआईआर में दर्ज रुपए और गहने ही लौटा दें। ऐसा इसलिए कहा जा रहा था ताकि बरामद रुपयों की जांच न हो सके लेकिन, पुलिस अफसरों ने इस ऑफर को ठुकरा दिया।
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि ठेकेदार महिला के इनकार करने के बाद अब पुलिस जांच कर रही है फिलहाल वह अभी आरोपी नहीं है लेकिन, जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि इतनी बड़ी मात्रा में रुपए कहां से और कैसे आया?

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

Share this
READ MORE  पहाड़ी की गुफा से नक्सलियों की विस्फोटक और हथियार बरामद