अवैध होर्डिंग्स हटाने दिन भर चला अभियान, महापौर पाल ने स्वयं खड़े होकर हटवाया अपना फोटो लगा फ्लैक्स- होर्डिंग्स

Share this

भिलाई नगर, 3 जून। भिलाई निगम क्षेत्र में लगे हुए अवैध बैनर पोस्टर एवं होर्डिंग्स को हटाने अभियान चलाया जा रहा है। बेतरतीब ढंग से लगे हुए बैनर पोस्टर से होने वाले दुर्घटनाओं को रोकने तथा शहर की सुंदरता को खराब कर रहे पोस्टर को हटाया गया। शनिवार सुबह से ही भिलाई निगम का अमला टाउनशिप क्षेत्र में बैनर-फ्लेक्स को हटाने निकला। महापौर नीरज पाल स्वयं निगम की टीम के साथ चलते हुए बेतरतीब ढंग से टयूबलर पोल पर अपने फोटो लगे हुए सभी फ्लेक्स होर्डिंग्स को हटवाये।

गौरतलब है कि आने वाले 7 जून को महापौर नीरज पाल का जन्मदिन है। ऐसे में उनके समर्थकों द्वारा बिजली खंभे एवं सड़क किनारे पोल पर अव्यवस्थित तरीके से होर्डिंग्स लगा दिए थे, जिसे संज्ञान में लेते हुए महापौर ने निगम के तोड़फोड़ अमला को टाउनशिप एरिया में संपत्ति विरूपण कार्रवाई के निर्देश दिए जिसके तहत आज सुबह 11 बजे से फ्लेक्स होर्डिंग्स को हटाने के लिए शुरू हुई कार्रवाई सेक्टर 1 चौक से सेक्टर 9 चौक तक सड़क के दोनों ओर तथा सेक्टर 5 आईलव भिलाई से बालाॅजी मंदिर रोड पर महापौर नीरज पाल के फोटो वाले सभी फ्लेक्स होर्डिंग्स को निकाला गया।

आज की कार्रवाई में करीब 143 अवैध फ्लेक्स होर्डिंग्स निकाले गए। महापौर ने स्वंय के लगे हुए अपने होर्डिंग्स को हटवाकर एक नई मिसाल पेश की। उन्होंने शहर के उन लोगों से अपील की है कि स्ट्रीट पोल पर होर्डिंग्स नहीं लगवाएं। कई बार आयोजन होने के बाद भी लोग फ्लेक्स होर्डिंग्स को निकालते नहीं है, हवा तूफान चलने के बाद लटकते रहते है इनसे कई बार हादसे भी हो जाते हैं। भिलाई निगम प्रशासन द्वारा अवैध होर्डिंग एवं पोस्टरों को हटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसके पूर्व भी बीते महीने में जीई रोड, स्मृतिनगर, वैशालीनगर, जुनवानी रोड, नेहरू नगर तथा नेहरू नगर से डबरापारा तक जीई रोड के दोनो किनारे भी कार्रवाई करते हुए प्रचार सामग्री, होर्डिंग्स के स्टैण्ड आदि को जब्त किया गया था।

नगर निगम भिलाई के महापौर परिषद ने 10 अप्रैल को संपत्ति विरूपण के अधिनियम के तहत शहर में लगने वाले पोल पर अवैध तरीके से पोस्टर एवं होर्डिंग लगाने को लेकर उचित फैसला लिया था। फैसले के मुताबिक संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत पोल पर जो कोई भी अवैध रूप से पंपलेट, पोस्टर, होर्डिंग इत्यादि के माध्यम से प्रचार प्रसार करता है तो उसे दंडात्मक कार्यवाही के अधीन लाते हुए आर्थिक एवं अपराधिक मामले भी दर्ज किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि निगम द्वारा शहर में डिजाइनर और यूनीपोल भी लगवाए जा रहे हैं।

READ MORE  पत्रकार कॉलोनी, नहीं बनी सड़क
Share this