IAS की तैयारी कर रहे छात्र की हत्या, नेशनल हाईवे पर लाश फेंक भागे आरोपी, प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला

Share this

दुर्ग न्यूज डेस्क, 7 जून। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले के निवासी छात्र की बिलासपुर में हत्या कर कार सवार बदमाशों ने लाश को बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे में फेंका और भाग गए हैं।

पुलिस ने बताया कि बिलासपुर में मंगला के चंद्र विहार कॉलोनी में किराये रूम में यश साहू (18 वर्ष) रहता था। उसके पिता अंबिकापुर के किराना व्यवसायी हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज निकाल पुलिस ने एक स्कॉर्पियो की पहचान कर ली है जिसमें हत्यारे यश की लाश लाकर हाईवे पर फेंक गए थे। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में अफेयर के चलते स्टूडेंट की हत्या की आशंका जताई है।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों ने यश साहू के मोबाइल से उसके दोस्त हार्दिक बंसल को कल शाम करीब 5 बजे फोन करके बोला कि अपने दोस्त यश साहू को ले जाओ। जिसके बाद हार्दिक बंसल कुछ लोगों के साथ यश साहू को लेने आरोपियों द्वारा बताई गई जगह पर गया लेकिन वहां कोई नहीं मिला। आरोपी काफी देर तक मृतक के दोस्तों को गुमराह करते रहे, फिर रेलवे स्टेशन के पास यश साहू का मोबाइल फेंक कर चल गए। दूसरी तरफ कल दोपहर 2:30 बजे सिरगिट्टी पुलिस को सूचना मिली कि परसदा स्थित पेट्रोल पंप के पास युवक का शव सड़क पर पड़ा है। रोड से गुजरने वालों ने बताया कि एक गाड़ी आकर वहां रुकी थी। कुछ देर बाद उसमें सवार लोग शव को फेंक कर भाग गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। खबर यह भी है कि मृतक कल ही अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने गया था। जहां लड़की के रिश्तेदारों ने उसे देख लिया होगा। यश साहू बिलासपुर में रहकर IAS की तैयारी कर रहा था। पुलिस जब घटनास्थल पहुंची तो युवक के नाक से खून बहा हुआ था। उसके सिर के पीछे और शरीर पर चोट के निशान हैं। मामला अपहरण के बाद हत्या का भी हो सकता है, पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।

Share this
READ MORE  निर्वाचन कार्य में लापरवाही, सहायक प्राध्यापक निलंबित