ट्यूशन पढ़ने जा रही थी छात्रा, रास्ते में हादसा, स्कूटी और बाइक में टक्कर, एक युवक की मौत, 3 घायल, गाड़ियों के उड़े परखच्चे

Share this

दुर्ग न्यूज डेस्क, 8 जून। छत्तीसगढ़ के‌ जांजगीर-चांपा जिला स्थित भदरा गांव में स्कूटी और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई है। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि छात्रा और बाइक पर सवार 2 अन्य युवक घायल हो गए हैं। यह हादसा पामगढ़ थाना क्षेत्र में हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार मुड़पार निवासी पूर्वा खांडेकर (15 वर्ष) अपनी स्कूटी से ट्यूशन पढ़ने के लिए पामगढ़ जा रही थी। वहीं पामगढ़ से काम खत्म कर एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक सागर कश्यप (20 वर्ष), बजना कश्यप (20 वर्ष) और चंद्रमणि कश्यप (22 वर्ष) अपने घर कुटरा जा रहे थे। ग्राम भदरा में छात्रा की स्कूटी के साथ युवकों की बाइक की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों गाड़ी पर सवार छात्रा और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। बाइक और स्कूटी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। लोगों ने दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों युवकों और छात्रा को इलाज के लिए पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आई। यहां डॉक्टरों ने बाइक चला रहे एक युवक सागर कश्यप को मृत घोषित कर दिया है। कुटरा निवासी सागर पामगढ़ में एक दुकान में काम करता था। पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। मृत युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया गया है।

पामगढ़ थाना के एएसआई सुनील टैगोर ने बताया कि पामगढ़ से जांजगीर जाने वाले मुख्य मार्ग ग्राम भदरा में हादसा हुआ है। घायलों और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। बाइक और स्कूटी को जब्त कर थाने लाया गया है।

Share this
READ MORE  मार्केट एरिया में पकड़े गए आवारा पशु, भिलाई निगम का रोका छेका अभियान