
दुर्ग न्यूज, 22 जून। तालपुरी बी ब्लॉक में डिवाइन योगा की संस्थापिका प्रीति श्रीवास्तव के नेतृत्व में कल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सभी ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और नियमित छात्राओं के सहयोग से मनीषा शुक्ला, निकिता, स्वीटी, पुनीता, सुचिता जामुलकर, कीर्ति लता वर्मा, सावित्री, लीना, कांति, सोनाली, ममता वर्मा, ज्योति बागडे ने योग क्रियाओं से सभी को नियमित योग करने प्रेरित किया।

प्रीति श्रीवास्तव ने बताया कि वजन में कमी, एक मजबूत एवं लचीला शरीर, सुन्दर चमकती त्वचा, शांतिपूर्ण मन, अच्छा स्वास्थ्य, जो आप चाहते हैं योग आपको देता है। योग को केवल कुछ आसनों द्वारा आंशिक रूप से समझा जाता हैं परंतु इसके लाभ का आंकलन केवल शरीर स्तर पर समझा जाता हैं। हम ये जानने में असफल रहते हैं कि योग हमें शारीरिक, मानसिक रूप से तथा श्वसन में लाभ देता हैं। जब आप सुन्दर विचारो के संग होते हैं तो जीवन यात्रा शांति, ख़ुशी और अधिक ऊर्जा से भरी होती हैं। इस दौरान सभी ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया जिसमें ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटी चालन, ताड़ासन, त्रिकोणासन, दंडासन, वक्रासन, भद्रासन, वज्रासन, शशांक आसान, मकरासन, भुजंगासन, शवासन , कपालभाति एवं ध्यान आदि शामिल हैं। योग के लिए अपने आस पास तथा परिचित लोगों को प्रतिदिन योग करने जागरूक करने का भी संकल्प लिया गया।



