तांदुला में बहे दो युवक, शाम तक तलाशने पर नहीं मिले, कल सुबह से फिर एसडीआरएफ करेगी तलाश

Share this

दुर्ग न्यूज, 13 जुलाई। अंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत 5 किमी की दूरी पर ग्राम विनायकपुर स्थित तांदुला नदी में बाइक धोने के दौरान दो युवक बह गए। जिनका देर शाम तक कुछ पता नहीं चल पाया। गोताखोरों की टीम शाम 4 बजे से तलाश में लगी हुई थी। पानी का बहाव घटनास्थल पर काफी तेज था। बहने वालों में चुम्मन ठाकुर पिता सनत ठाकुर (20 वर्ष )और मिथलेश उर्फ शिवम सोनी पिता विक्की सोनी ( 19 वर्ष) बताया गया है। दोनों ग्राम अंडा के रहने वाले हैं।

दोनों अपने अन्य 4 साथी अजय यादव, विकास ठाकुर, यश यादव, योगराज चक्रधारी सभी अंडा गांधी भाठापारा के रहने वाले हैं। सभी साथी नदी की तरफ घूमने गये थे। एनीकेट पर बाइक धोने के दौरान पैर फिसलने से एक युवक बह गया और उसे बचाने के लिए दूसरे ने छलांग लगा दी। तेज बहाव के कारण दोनों बह गए। अंडा थाना प्रभारी अम्बिका प्रसाद ध्रुव ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की है। अन्य दोस्तों ने गांव में बताया फिर थाना में सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर दुर्ग से गोताखोर बुलवाया लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण दोनों युवक की तलाश रोक दी गई। घटनास्थल पर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी पहुंच ग‌ए थे।

Share this
READ MORE  प्रसाद खाने से 100 से अधिक लोगों की बिगड़ी तबियत, अस्पताल में भर्ती