ऐतिहासिक कलेक्टोरेट भवन का होगा रिनोवेशन,

Share this

आधुनिक भवन की सुविधाएं होंगी

कलेक्टर मीणा ने ली समीक्षा बैठक

दुर्ग न्यूज। जिले के ऐतिहासिक कलेक्ट्रेट भवन के रिनोवेशन का काम शीघ्र आरंभ होगा। रिनोवेशन कार्य में इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि कार्यालय का हेरीटेज लुक प्रभावित न हो। इमारत में आधुनिक बिल्डिंग के अनुरूप सभी जरूरी सुविधाएं होंगी। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने इसका काम शीघ्र आरंभ करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। साथ ही उन्होंने जिले में निर्माणाधीन सभी अधोसंरचनाओं के निर्माण की प्रगति के संबंध में समीक्षा की। दुर्ग शहर में ठगड़ा बांध और नगर चौपाटी आदि का काम शीघ्र पूरा करने के निर्देश उन्होंने दिये। अगले सत्र से दुर्ग और भिलाई में प्ले स्कूल भी आरंभ होंगे, जिसमें प्राइवेट स्कूलों की तरह ही छोटे बच्चों की पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधाएं होंगी। साथ ही सेंट्रल लाइब्रेरी के निर्माण के लिए भी शीघ्र ही काम आरंभ हो जाएगा। कलेक्टर ने बैठक में सड़क मरम्मत पर हुई प्रगति की जानकारी भी ली। कलेक्टर ने बताया कि वन विभाग द्वारा महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्लांटेशन का विस्तृत वर्किंग प्लान तैयार किया गया है। इसमें हर तालाब, सड़क किनारे, सरकारी भवनों की खाली जमीन आदि में लगने वाले पौधे और इनकी संख्या का प्लान किया गया है। इस पर शीघ्र ही कार्य आरंभ हो जाएगा। इससे शहर में हरियाली का दायरा तेजी से बढ़ेगा। कलेक्टर मीणा ने बैठक में कहा कि शिवनाथ नदी के तटबंध काफी सुंदर है और लोगों की तफरीह के लिए बहुत खूबसूरत जगह है। इनके सौंदर्यीकरण के लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने कालोनियों की वेलफेयर सोसायटी के साथ बैठक आदि के बारे में भी पूछा। भिलाई निगम आयुक्त श्री व्यास ने बताया कि वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। वहां पर उनसे समस्याएं भी जानी जाएंगी, साथ ही कालोनी के विकास के लिए सहभागिता के साथ कार्य करने के लिए भी अपील की जाएगी।

Share this
READ MORE  BREAKING NEWS - सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी ही बने रहेंगे, पदोन्नति आदेश स्थगित