दुर्ग न्यूज, 24 जुलाई। देवांगन जन कल्याण समिति भिलाई नगर के तत्वावधान में 30 जुलाई को प्रगति नगर, रिसाली स्थित परमेश्वरी भवन में “सावन महोत्सव” का रंगारंग आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रथम सत्र में “हरेली उत्सव” एवं द्वितीय सत्र में गीत संगीत पर आधारित कार्यक्रम “एक शाम रफी के नाम” का आयोजन होगा। समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
देवांगन जन कल्याण समिति भिलाई नगर के अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन ने बताया कि प्रथम सत्र में “हरेली उत्सव ” के अंतर्गत
30 जुलाई को 3 बजे से देवांगन समाज की महिलाओं द्वारा परमेश्वरी भवन परिसर में छायादार एवं फूलदार पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके साथ ही समाज के लोगों के लिए छत्तीसगढ़ी वेशभूषा प्रतियोगिता एवं छत्तीसगढ़ी व्यंजन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर पारंपरिक कृषि कार्य में उपयोग में लाए जाने वाले कृषि उपकरणों का प्रदर्शन एवं पूजन भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ी खेलों को बढ़ावा देने के लिए पिट्टूल,भौंरा,(लट्टू), रस्साकसी, (महिलाओं एवं पुरूषों के लिए पृथक-पृथक) आदि खेल स्वैच्छिक रूप से आनंद लेने के लिए खेले जायेंगे।
इस अवसर पर समिति द्वारा “गेंड़ी” की व्यवस्था की जाएगी। जिसमें समाज के इच्छुक व्यक्ति सुरक्षित ढंग से गेंड़ी चढ़ने का आनंद ले सकेंगे।
सावन महोत्सव का दूसरा सत्र शाम 5 बजे से “एक शाम रफी के नाम” सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, इसके अंतर्गत देवांगन समाज के गायक-गायिकाओं द्वारा प्रसिद्ध गायक मोहम्मद रफ़ी के पुण्य तिथि की पूर्व संध्या पर उनके लोकप्रिय गीतों की संगीतमय प्रस्तुति की जाएगी।
आयोजन के सफल क्रियान्वयन हेतु ‘हरेली उत्सव’ के लिए संस्कृति प्रभारी शिव देवांगन, ‘पौधरोपण’ के लिए श्रीमती कल्पना देवांगन एवं जनार्दन देवांगन तथा ‘एक शाम रफी के नाम’ के लिए सांस्कृतिक प्रभारी रामगोपाल देवांगन को जिम्मेदारी दी गई है। समिति सचिव श्री विनोद देवांगन एवं कोषाध्यक्ष श्री गजेन्द्र देवांगन को पूरे कार्यक्रम के सहसमन्वयक बनाया गया है।
समिति अध्यक्ष श्री देवांगन ने उपरोक्त सभी कार्यक्रमों में देवाँगन जन कल्याण समिति भिलाई नगर के केन्द्रीय समिति, महिला प्रकोष्ठ एवं युवा प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्य गणों तथा सभी विभागों के प्रभारियों से अधिक से अधिक संख्या में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है।
