
दुर्ग न्यूज़, 21 अक्टूबर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट में कमी पाए जाने पर जिले के 4 मेडिकल दुकानों पर कार्यवाही की गई। विभाग ने जिले के चार मेडिकल स्टोर्स पर निलंबन की कार्रवाई व दो मेडिकल स्टोर्स संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पदेन उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन डॉ. जेपी मेश्राम के मार्गदर्शन में औषधि निरीक्षकों द्वारा अक्टूबर में कुल 55 निरीक्षण किये गये। खाद्य औषधि नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जानकारी दी कि 8 औषधियों की गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त हुए। सभी औषधि मानक स्तर के पाए गए औषधि एवं प्रसाधन नियमावली 1945 के प्रावधानों का उल्लंघन पाये जाने पर दो फर्माे को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया।
विभाग द्वारा सिन्हा मेडिकल स्टोर्स धनोरा, प्रेरणा मेडिकोज हुडको भिलाई, ओम श्री साई मेडिकल मालवीय नगर दुर्ग, माता लक्ष्मी मेडिकल स्टोर्स, जुनवानी रोड, भिलाई (कुल 4 फर्म) पर निलंबन की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त जिले के औषधि निरीक्षकों द्वारा राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत कोटपा एक्ट 2003 के तहत धमधा क्षेत्र के बस स्टैण्ड, गंडई चौक के पास पानठेला, बीरझापुर के किराना स्टोर्स, सुपारी सेंटर, स्कूलों के आस पास, थाना छावनी क्षेत्र के बस स्टैण्ड, बाजार चौक के पास पानठेला, नंदनी रोड भिलाई क्षेत्र में चालानी कार्यवाही की गई।

