भिलाई में मतदान के लिए तैयार हैं 409 बूथ

Share this

दुर्ग न्यूज़, 16 नवंबर। भिलाई निगम क्षेत्र अंतर्गत आने वाले दो विधानसभा वैशाली नगर एवं भिलाई नगर के 409 मतदान केन्द्रों में 17 नवंबर को प्रातः 8 से शाम 5 बजे तक मतदान होना है। आयुक्त के निर्देश पर सभी मतदान केंद्रो पर व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

आयुक्त रोहित व्यास ने भिलाई निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले वैशाली नगर एवं भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र के 409 मतदान केन्द्रों में सफाई, पीने का पानी, सुविधाजनक रैम्प, प्रकाश की व्यवस्था, चार्जिंग पॉइंट, छांव हेतु अस्थाई शेड, शौचालय, निस्तार पानी की व्यवस्था करने के निर्देश जोन आयुक्तों को दिए हैं। सभी जोन आयुक्त अपने जोन क्षेत्र में आने वाले बूथों की व्यवस्था को अंतिम रूप दे रहे हैं। मतदान केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में राजनीतिक प्रचार प्रसार प्रतिबंध होने की सूचना भी लगाई गई है।

 

दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था 

 

दिव्यांग एवं 80 वर्ष से ऊपर के वृद्ध मतदाताओं के लिए निर्वाचन आयोग ने सभी मतदान केन्द्रों में व्हीलचेयर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। वृद्धजनों के सहयोग हेतु एन‌एस‌एस,एनसीसी, स्काउट एण्ड गाइड के स्वयंसेवकों की नियुक्ति की जाएगी। ऐसे वोटरों को कतार से मुक्त रखते हुए मतदान हेतु वरीयता प्रदान किया जाएगा। दृष्टिबाधित वोटर के सहयोग हेतु निर्वाचन आयोग के नियमानुसार उन्हें अपने साथ एक साथी ले जाने की अनुमति होगी। दिव्यांग एवं वृद्धजनों के लिए मतदान की व्यवस्था भवन के भुतल पर रहेगी।

Share this
READ MORE  साइंस कॉलेज दुर्ग के एनसीसी केडेट्स ने बनाई मानव श्रृंखला