
दुर्ग न्यूज़ डेस्क, 15 नवंबर। सभी सुपरफास्ट ट्रेन में छठ पर्व के कारण उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है इसी दौरान एक बड़ी खबर यह है कि दिल्ली दरभंगा सुपर फास्ट ट्रेन के S1 कोच में किसी कारण अचानक भीषण आग लग गई है। नई दिल्ली से बिहार छठ पर्व मनाने जा रहे लोगों से ठसाठस भरी नई दिल्ली-दरभंगा सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 02570 में आज शाम को अचानक आग लग गई है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन के S1 कोच में आग लगी है, जिसमें छठ पर्व के कारण लोगों की भारी भीड़ थी। आग लगने की घटना उत्तर प्रदेश के इटावा रेलवे स्टेशन के करीब हुई है। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां रवाना कर दी गई हैं।

उत्तर मध्य रेलवे के CPRO के हवाले से बताया गया है कि दुर्घटना में किसी यात्री की मौत नहीं हुई है और न ही कोई घायल हुआ है। CPRO के मुताबिक, ट्रेन नंबर 02570 दरभंगा क्लोन स्पेशल उत्तर प्रदेश में सराय भोपत रेलवे स्टेशन को पार कर रही थी, इस दौरान ट्रेन के S1 कोच से धुआं निकलता देखकर स्टेशन मास्टर ने ड्राइवर को सूचना देकर तत्काल उसे ट्रेन रोकने को कहा। ट्रेन के ठहरते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस हादसे में न कोई घायल हुआ है और न ही किसी की मौत हुई है। ट्रेन को जल्द ही उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जाएगा।

