
दुर्ग न्यूज़, 29 नवंबर। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सर्विस रोड पर भिलाई निगम ने वृहद बेदखली अभियान चलाकर दक्षिण गंगोत्री एवं उत्तर गंगोत्री क्षेत्र के 35 स्थानों से कब्जा हटाने की कार्यवाही की। जिन लोगों ने बाॅस बल्ली, ठेला खोमचे, बेनर पोस्टर, बोर्ड तथा विक्रय के लिए वाहन रखे थे, उनसे दंड भी वसूला गया। सड़क पर डंप रेत, गिट्टी व अन्य निर्माण सामग्री को हटाकर सड़क को आवागमन के लिए खाली कराया गया। अभियान के दौरान 20,800 रुपए जुर्माना भी वसूल किया गया। साथ ही 3 कंडम वाहन को सड़क से हटाया गया।

आयुक्त रोहित व्यास के निर्देश पर भिलाई निगम का अमला प्रातः 10.30 बजे दक्षिण गंगोत्री के सर्विस रोड से कार्यवाही शुरू की।आटो डीलर अपने विक्रय के सेकेण्ड हैंड वाहनो को जीई रोड और सर्विस रोड के बीच पार्किग स्थल पर प्रदर्शन हेतु लगाए थे, उन्होने निगम की कार्यवाही को देखकर स्वयं अपने वाहनों को हटाना शुरू कर दिया, इसके अलावा सर्विस रोड के किनारे लगाए गए होर्डिंग्स व साइन बोर्ड को भी उखाड़कर जब्ती बनाया गया। कई स्थानों पर ठेले खोमचे पर चाय, नाश्ता बेचने वालों के कारण सड़क में बाधा आ रही थी। उसे बांस बल्ली से अस्थायी कब्जे तथा लोहे से बने गुमटी को जेसीबी से लिफ्ट कर जब्त किया गया। तोड़-फोड़ दस्ता के साथ चल रहे जेसीबी. सुपेला चौक से लेकर प्रयास स्कूल के सामने तक सर्विस रोड के किनारे जमीन को समतल कर चूना मार्किंग किया गया ताकि उक्त स्थल पर व्यवस्थित रूप से लोग अपने वाहन खड़े कर सकें। कार्यवाही के दौरान 7 स्थानों से अवैध कब्जा, 16 स्थानों से वाहन विक्रेता को हटाया गया वहीं स्ट्रीट वेंडर्स के रूप में 15 फूल विक्रेता जो सड़क पर सामान फैलाकर व्यवसाय कर रहे थे उन्हें आवंटन के अतिरिक्त किए गए घेरे को गुरूवार को स्वयं से हटा लेने को कहा गया है।
बेदखली अभियान का नेतृत्व अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, अभियान के नोडल अधिकारी प्रीति सिंह, जोन आयुक्त खिरेंद्र भोई, ट्रैफिक पुलिस उप अधीक्षक पीड़ी चंद्रा कर रहे थे। उन्होने वाहन विक्रेताओं से कहा कि चिन्हित पार्किंग स्थल पर विक्रय के वाहन प्रदर्शन के लिए न रखें। अभियान में नामांकित अधिकारियों के साथ यातराम चंद्राकर, राजेश गुप्ता, दिनेश बेलचंदन, इमान सिंह, गौकरण, खेमलाल यादव, चैतू, मानसिंह, यातायात पुलिस बल साथ रहा।

