
दुर्ग न्यूज, 11 दिसंबर। दाऊ श्री वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग में दो दिवसीय अंतर महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.आरआरबी सिंह ने खिलाड़ियों को अपने संबोधन में कहा कि शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए खेल आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों को शपथ दिलाकर खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि खेल तनाव को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। खेल हमारे बौद्धिक विकास के लिए भी आवश्यक है। इस प्रतियोगिता में वेटरनरी कालेज, अंजोरा, दुग्ध एवं खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, रायपुर एवं फिशरीज कॉलेज कवर्धा के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसमें गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद, कबड्डी (पुरुष) खो-खो (महिला एवं पुरुष), वॉलीबॉल (महिला एवं पुरुष), बैडमिंटन, टेबल टेनिस एवं दौड़ 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर एवं ऊंची कूद आदि खेलों की स्पर्धाएं हुई जिसमें वेटरनरी कॉलेज अंजोरा प्रथम स्थान प्राप्त कर ओवरऑल विजय बना। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. नीलू गुप्ता ने खेल स्पर्धा एवं इस प्रतियोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। समापन अवसर पर कुलसचिव डॉ. आरके.सोनवणे ने विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किया। इस प्रतियोगिता के दौरान अधिष्ठाता वेटरनरी कॉलेज अंजोरा डॉ. एसके.तिवारी, अधिष्ठाता फिशरीज कॉलेज कवर्धा डॉ.राजू शारदा, विश्वविद्यालय जनसंपर्क अधिकारी डॉ.दिलीप चौधरी, प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। क्रीड़ा अधिकारी एबीएस.दीवान द्वारा समस्त खेलों का संचालन किया गया।

