

दुर्ग न्यूज़, 12 दिसंबर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बनने पर विष्णुदेव साय के साथ भेंटकर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने उन्हें बधाई दी। रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद सीएम के नाम का ऐलान किया गया। केन्द्रीय पर्यवेक्षक के रूप में अर्जुन मुंडा, सर्वानंद सोनोवाल व दुष्यंत गौतम ने विधायक दल की बैठक ली जिसमें श्री साय को विधायक दल का नेता चुन लिया गया।
बैठक के बाद दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने श्री साय से भेंट कर बधाई दी और उन्हें क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं से भी अवगत कराया।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर होगा। चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो गारंटियां दी है उसे पूरा करेंगे। ललित चंद्राकर ने कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार सबके विश्वास पर खरा उतरेगी। प्रदेश में रोजगार से लेकर महिला सुरक्षा सहित आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। विधायक ललित चंद्राकर ने विधानसभा क्षेत्र के समुचित विकास को लेकर सार्थक चर्चा भी की।

