
दुर्ग न्यूज़, 16 दिसंबर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। बताया जा रहा है कि फोर्स नक्सलियों के कोर इलाके में घुसी। नक्सली कमांडर दिनेश मोड़ियम और दुला कारम की टीम के साथ जवानों की मुठभेड़ हुई। हालांकि, फोर्स को भारी पड़ता देख नक्सली भाग निकले। जवानों ने कैंप ध्वस्त कर मौके से विस्फोटक समेत अन्य सामान बरामद किया है। घटना गंगालूर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि नक्सली कमांडर और गंगालूर एरिया कमेटी का सचिव दिनेश मोड़ियम, गंगालूर LOS कमांडर दुला कारम पेद्दा कोरमा के जंगल में हैं। मुखबिर की इसी सूचना के आधार पर DRG, STF, बस्तर फाइटर और कोबरा बटालियन के जवानों को मौके के लिए रवाना किया गया। रात भर सर्चिंग के बाद जवान सुबह नक्सलियों के इसी कोर इलाके में घुसे।

जवानों को आता देख नक्सलियों ने फायर खोल दिया। जिसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। बताया जा रहा है कि, दोनों तरफ से करीब आधे घंटे तक मुठभेड़ हुई। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली मौके से भाग निकले। जिसके बाद जवानों ने नक्सली कैंप को ध्वस्त कर दिया है। फिलहाल जवान अभी मौके पर ही मौजूद हैं और सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों विधानसभा चुनाव के पहले और बाद में बस्तर में नक्सलियों ने कुल 5 IED ब्लास्ट किए हैं, जिसमें 2 जवान शहीद और 8 जवान जख्मी हुए हैं।
छत्तीसगढ़ में नक्सली फिर अपना सिर उठाने लगे हैं, फिर से नक्सली एक्टिव हो गए हैं। बस्तर के अलग-अलग जिलों में वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इन घटनाओं में एक भाजपा नेता समेत 3 सिविलियंस की मौत हुई है।
