शिवनाथ की महाआरती, घाट पर जगमगाए 51 हजार दीप, शिवनाथ महोत्सव का चौथा वर्ष

Share this

 

पहली बार हुई इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी

दुर्ग न्यूज, 3 जनवरी। नव वर्ष के प्रथम दिवस शिवनाथ महोत्सव पर महमरा घाट 51 हजार दीपों से जगमगा उठा। बनारस और हरिद्वार के तर्ज पर 11 पंडितों ने महाआरती की। महोत्सव के चौथे वर्ष में जबरदस्त आतिशबाजी की गई। अब यह महोत्सव दुर्ग ही नहीं अपितु आस पास के जिले और प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी पहचान बना चुका है, नव वर्ष के प्रथम दिन सैकड़ों लोग परिवार सहित शिवनाथ नदी के किनारे महोत्सव मनाने जुट रहे हैं। शिवनाथ नदी को लीजमुक्त हुए चार वर्ष हो गए हैं, इसी खुशी में मनाया जाता है शिवनाथ महोत्सव! इस वर्ष सुबह से नदी तट पर मेला लगा। भक्तजन शिव मंदिर जहां उज्जैन के महाकाल के रूप में महादेव को सजाया गया। छत्तीसगढ़ मंच के कलाकारों ने गीत-संगीत और भजनों से वातावरण को और मोहक बनाया। घाट को गुब्बारों, फूलों और रंग बिरंगे कपड़ों से भव्य रूप में सजाया गया था जिसने पर्यटकों को भी आकर्षित किया। सूरज ढलते ही हजारों लोगों ने 51,000 दीप प्रज्ज्वलित किए जिससे घाट की सुंदरता अति भव्य हो गई, छोटी छोटी बच्चियों और महिलाओं ने रंगोलियां बनाई तो युवाओं ने दीपक से महादेव का छायाचित्र बनाया।
दुर्ग सांसद विजय बघेल, पार्षद मीना सिंह, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रहलाद रूंगटा, महिला विंग अध्यक्षा पायल जैन, शीतला स्वरूपा मंदिर अध्यक्ष संजय सिंह, गांधी चौक राम मंदिर अध्यक्ष श्याम शर्मा ने आयोजन को अद्भुत बताया। शिवनाथ महोत्सव के आयोजक वरुण जोशी ने दुर्ग सांसद से घाट का चौड़ीकरण करने की मांग की। घाट पर हजारों लोग बनारस और हरिद्वार के तर्ज पर 11 पंडितों द्वारा महाआरती में शामिल हुए। दुर्ग सांसद विजय बघेल ने सभी के समक्ष आश्वासन दिया कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से घाट का और विस्तार कराने का प्रयास करेंगे। महाआरती के लिए पंहुचे हजारों श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव के जयकारे लगाए। इस दौरान सभी का ध्यानाकर्षण किया इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी ने जो दुर्ग शहर में पहली बार हुआ। भव्य आतिशबाजी ने बच्चों, युवाओं सहित सभी वर्गों के लोगों का मन मोह लिया,आयोजक वरुण जोशी ने कहा कि शिवनाथ नदी को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है। आने वाले वर्षों में शिवनाथ महोत्सव को और अधिक भव्य रूप से मनाया जाएगा।

Share this
READ MORE  दुर्ग रेंज के न‌ए IG राम गोपाल गर्ग ने सम्हाला पदभार, कल SP जितेन्द्र शुक्ला लेंगे चार्ज