
दुर्ग न्यूज डेस्क, 5 जनवरी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को अवैध खनन मामले में हरियाणा कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार, इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह और अन्य से जुड़े 20 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की।

जांच एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के प्रावधानों के तहत यमुना नगर, सोनीपत, मोहाली, फरीदाबाद, चंडीगढ़ और करनाल में विभिन्न स्थानों की तलाशी ली। केंद्रीय एजेंसी की कार्रवाई 24 घंटे बाद भी जारी है।

ईडी सूत्रों ने शुक्रवार सुबह बताया कि पूर्व विधायक दिलबाग सिंह और उनके सहयोगियों के ठिकानों से अवैध विदेशी हथियार, 300 कारतूस, 100 से अधिक शराब की बोतलें और 5 करोड़ नकद, 4/5 किलोग्राम सोने के बिस्किट बरामद किए गए हैं। साथ ही भारत और विदेश में कई संपत्तियों के बारे में पता चला है।
सुरेंद्र पंवार सोनीपत से हरियाणा विधानसभा के सदस्य हैं। वहीं दिलबाग सिंह यमुना नगर सीट से इंडियन नेशनल लोकदल के पूर्व विधायक रह चुके हैं। सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार के आवास पर पिछले 24 घंटे से ईडी की छापेमारी जारी है। ईडी के अधिकारी अवैध खनन व ई रवाना स्कैम से जुड़े मामले में कांग्रेसी विधायक से जानकारी जुटा रहे हैं।

कल सुबह करीब 8 बजे अलग-अलग 5 गाड़ियों में ईडी के अधिकारी व सीआईएसएफ के जवान सुरेंद्र पंवार के घर पहुंचे थे। कोर्ट के आदेश बाद ईडी ने इस मामले को लेकर एक एफआईआर दायर की थी। सुरेंद्र पंवार के आवास से ईडी के अधिकारियों को कुछ अहम सबूत मिले हैं।
