
दुर्ग न्यूज़ (रायपुर), 14 फरवरी। भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह ने राज्यसभा चुनाव के लिए आज विधानसभा में नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को वर्ल्ड के सबसे डायनामिक और डैशिंग लीडर बताया है।

देवेंद्र प्रताप ने कहा कि नामांकन दाखिल कर बहुत अच्छा लग रहा है और बड़ी खुशी का वक्त है। उन्होंने कहा, हमारे आदिवासी वर्ग के लिए, सर्व समाज के लिए आवाज उठाएंगे। इसके लिए हमारे पार्टी, केंद्रीय नेतृत्व को और प्रदेश नेतृत्व को सारा श्रेय जाता है।
भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि पीएम मोदी आज वर्ल्ड के सबसे डायनामिक और डैशिंग लीडर हैं।उनके साथ काम करने का अवसर मिलेगा। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है और मेरा राजनीतिक जीवन सार्थक हो गया है। उनके साथ काम करके विकास के और काम करेंगे।

इससे पहले देवेंद्र प्रताप का भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया।
