सोनिया गांधी का रायबरेली की जनता के नाम संदेश, लिखा- ‘आपके बिना मेरा परिवार दिल्ली में अधूरा….’

Share this

 

दुर्ग न्यूज़ (नई दिल्ली), 15 फरवरी। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली की जनता के नाम संदेश लिखा है। जिसमें उन्होंने लोकसभा चुनाव न लड़ने की वजह भी बताई है। रायबरेली की जनता के नाम लिखे संदेश में उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन को लेकर रायबरेली की जनता का आभार जताया। सोनिया गांधी ने अपनी चिट्टी में लिखा, “मेरा परिवार दिल्ली में अधूरा है। वह रायबरेली आकर आप लोगों में मिलकर पूरा होता है। यह नेह – नाता बहुत पुराना है और अपनी ससुराल से मुझे सौभाग्य की तरह मिला है। रायबरेली के साथ हमारे परिवार के रिश्तें की जड़ें बहुत गहरी हैं। आजादी के बाद हुए पहले लोकसभा चुनाव में आपने मेरे ससुर फीरोज गांधी को यहां से जिताकर दिल्ली भेजा। उनके बाद मेरी सास इंदिरा गांधी को आपने अपना बना लिया। तब से अब तक यह सिलसिला जिंदगी के उतार-चढ़ाव और मुश्किल भरी राह पर प्यार और जोश के साथ आगे बढ़ता गया और इस पर हमारी आस्था मजबूत होती चली गई।”

 

“इसी रोशन रास्ते पर आपने मुझे भी चलने की जगह दी। सास और जीवनसाथी को हमेशा के लिए खोकर मैं आपके पास आई और आपने अपना आंचल मेरे लिए फैला दिया। पिछले दो चुनाव में विषम परिस्थतियों में भी आप एक चट्टान की तरह मेरे साथ खड़े रहे, मैं यह कभी भूल नहीं सकती। यह कहते हुए मुझे गर्व है कि आज मैं जो कुछ भी हूं, आपकी बदौलत हूं और मैंने इस भरोसे को निभाने की हरदम कोशिश की है।” सोनिया ने चिट्ठी में आगे लिखा, “अब स्वास्थ्य और बढ़ती उम्र के चलते मैं अगला लोकसभा चुनाव नहीं लडूंगी। इस निर्णय के बाद मुझे आपकी सीधी सेवा का अवसर नहीं मिलेगा, लेकिन यह तय है कि मेरा मन-प्राण हमेशा आपके पास रहेगा। मुझे पता है कि आप भी हर मुश्किल में मुझे और मेरे परिवार को वैसे ही संभाल लेंगे जैसे अब तक संभालते आये हैं। उन्होंने जल्द मिलने का भी वादा किया।”

READ MORE  CG Breaking: राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बेटी के साथ पहुंची राजधानी,  राज्यपाल श्री हरिचंदन और मुख्यमंत्री श्री बघेल ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत
Share this