ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर…कैटरिंग का काम कर लौट रहे 9 लोगों की मौत

Share this

 

दुर्ग न्यूज डेस्क, 21 फरवरी। लखीसराय में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने एक ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस हादसे को अंजाम देकर भागने वाले ट्रक की तलाश में जुटी है।

 

हादसे के शिकार सभी मृतक मुंगेर जिले के जमालपुर गांव के रहने वाले थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लखीसराय के सिकंदरा में कैटरिंग का काम करने वाले मुंगेर जिले के करीब 14 लोग देर रात करीब डेढ़ बजे ऑटो से रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने ऑटो को झुलौना गांव के पास टक्कर मार दी। हादसे में घायल 5 लोगों को पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत को गंभीर देखते हुए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

 

मौके पर 8 ने तोड़ा दम, एक की इलाज के दौरान मौत

बताया जा रहा है कि ट्रक के टक्कर के बाद ऑटो सवार 8 लोगों ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि ऑटो ड्राइवर की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि 8 मृतक मुंगेर के जबकि ऑटो ड्राइवर लखीसराय का रहने वाला था।‌

इंस्पेक्टर के मुताबिक, हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो 8 लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि अन्य लोग घायल थे. सभी लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां ऑटो ड्राइवर की मौत हो गई। सभी घायलों और मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

READ MORE  रेल यात्रियों के लिए परेशानी की खबर, 22 ट्रेनों को किया रद्द 
Share this