० अब तक का सबसे बड़ा एनकाउंटर
० नक्सलियों के 29 शव बरामद, बड़ी मात्रा में हथियार व विस्फोटक भी मिले
दुर्ग न्यूज़, 17 अप्रैल। अबूझमाड़ के हापाटोला में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के 29 नक्सलियों को मार गिराने के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पुलिस को बधाई दी है। उन्होंने हार्डकोर नक्सलियों को मार गिराने वाले पुलिस कमांडरों से बात कर उनका मनोबल बढ़ाया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वीडियो कॉलिग के जरिए बात करते हुए जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए सावधानी बरतने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि आईजी और एसपी से भी मेरी बात हुई है। अति उत्साह में कोई न आएं। सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें। हम सब आपकी चिंता में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ ही ऐसा है (इनकाउंटर), तो पूरी योजना और सुरक्षा के साथ आगे बढ़ें। बाकी दूसरे तरीके से भी उन लोगों (नक्सलियों) से बात कर रहे हैं। बता दें कि मुठभेड़ में छत्तीसगढ़ पुलिस के कई ऐसे कमांडर भी शामिल थे, जो अब तक 56 से लेकर 78 तक इनकाउंटर कर चुके हैं।
छत्तीसगढ़ के कांकेर में हुए पुलिस नक्सली मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गये हैं। बस्तर रेंज के आईजी ने बताया कि कांकेर में नक्सलियों के साथ आमने-सामने की मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए हैं। इस मुठभेड़ में तीन जवान घायल हुए हैं जिनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने 29 नक्सलियों की मौत की पुष्टि की है। नक्सलियों से आधा दर्जन से अधिक एके-47 सहित बहुत से दूसरे हथियार बरामद हुए हैं। यह बस्तर में नक्सल मोर्चे पर आज तक की सबसे बड़ी कामयाबी है।
बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने मीडिया से चर्चा में कहा कि यह एक बड़ी कामयाबी है। अबूझमाड़ और गढ़चिरौली इलाके में नक्सल कमांडर शंकर राव, ललिता और राजू की मौजूदगी की सूचना आई थी इसके बाद रणनीति बनाकर सर्चिंग अभियान चलाया गया। इसमें 29 नक्सली मारे गए। पुलिस के मुताबिक घटना डेढ़ से दो बजे के बीच की है। मंगलवार को कांकेर के छोटेबेटिया थाना क्षेत्र के बीनागुंडा और कोरोनार के बीच हापाटोला के जंगल में बड़ी मुठभेड़ हुई।
बताया गया कि डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए। इस मुठभेड़ में टॉप नक्सल कमांडर शंकर राव के मारे जाने की खबर है। शंकर राव पर 25 लाख का इनाम है।
