भिलाई-3 के देवबलोदा में गैंगवार, आदतन अपराधी ब्रुसली की हत्या, अवैध कारोबार में धाक कायम रखने की लड़ाई

Share this

दुर्ग न्यूज़, 6 जून। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत देवबलोदा गांव में बीती देर रात एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। आरोपियों ने हत्या के बाद मृतक का सिर पत्थर से कुचल दिया, ताकि उसकी पहचान न हो पाए। पुलिस के मुताबिक 8-9 लोगों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया है, उनकी तलाश जारी है।

भिलाई तीन पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार देर रात की है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। वहां जाकर जांच करने पर मृतक की पहचान एल चिरंजीवी उर्फ ब्रूसली पिता एल राजाराव ( 35 वर्ष) निवासी सी केबिन के पास गांधीनगर देवबलोदा के रूप में हुई है। ब्रूसली भी आदतन अपराधी है, पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या उसी के बीच वाले लोगों ने की है। उन लोगों ने पहले ब्रुसली को शराब पार्टी के लिए बुलाया। सभी लोगों ने बैठकर शराब पी। इसके बाद एक राय होकर धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ संदेहियों को उठाया भी गया है उनसे पूछताछ की जा रही है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि ब्रुसली जुआ सट्टा खिलाने के साथ ही गांजा और शराब जैसे मादक पदार्थों की बिक्री करता था। इसे लेकर उसकी कई आपराधिक तत्वों से पुरानी दुश्मनी थी। उनके बीच क्षेत्र में गैर कानूनी कार्य करने के लिए अक्सर तनातनी होती थी। इससे पहले भी कई बार उनके बीच बड़ी मारपीट भी हो चुकी थी।

घटना के बाद एसपी जितेंद्र शुक्ला ने जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने के आदेश दिए हैं। भिलाई तीन पुलिस के साथ ही साथ क्राइम टीम को मिलाकर एक विशेष टीम का गठन किया गया है। उनके द्वारा घटना स्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकालने के साथ ही लोगों से पूछताछ की जा रही है। संदेहियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी भी की जा रही है। जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है।

Share this
READ MORE  आज महिलाओं के खाता में आएगी एक हजार की पहली किश्त, भिलाई बैकुंठधाम में महतारी वंदन सम्मेलन 2 बजे से