कर्ज वसूली की प्रताड़ना से युवक ने किया सुसाइड, भिलाई में पकड़ा गया आरोपी

Share this

दुर्ग। कर्ज की रकम लौटाने के बाद भी लगातार ब्याज वसूली के दबाव और प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हरिश मिश्रा (49 वर्ष), निवासी सेक्टर-1, भिलाई भट्ठी के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मृतक सुरेंद्र साहू (40 वर्ष), निवासी न्यू पुलिस लाइन, दुर्ग ने आरोपी से 10 लाख रुपए उधार लिए थे। रकम लौटाने के बाद भी आरोपी मोबाइल फोन से लगातार ब्याज की मांग करता रहा। घटना के दिन भी आरोपी ने बार-बार फोन कर दबाव बनाया, जिससे परेशान होकर मृतक ने आत्महत्या कर ली।

मर्ग जांच में आरोपी के खिलाफ धारा 108 बीएनएस और छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने जुर्म स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी अवैध वसूली, कर्जा एक्ट, मारपीट और अन्य आपराधिक मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। भिलाई नगर और तिल्दा नेवरा क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में भी आरोपी के कारण दो लोगों की मौत हो चुकी है। आरोपी से कर्ज से जुड़ी डायरी भी जब्त की गई है।

Share this
READ MORE  समाधान शिविर में ACB का शिकंजा, 40 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाया बाबू