


स्पोर्ट्स न्यूज। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दुबई में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप 2025 का खिताब जीतने के बाद दिल छू लेने वाला ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वह टूर्नामेंट से मिली अपनी पूरी मैच फीस भारतीय सेना और पहलगाम पीड़ितों के परिवारों को दान करेंगे। सूर्या ने सोशल मीडिया पर लिखा – इस टूर्नामेंट की अपनी मैच फीस हमारे सशस्त्र बलों और पहलगाम आतंकी हमले में पीड़ित परिवारों की मदद के लिए दान करने का फैसला किया है। आप हमेशा मेरी यादों में रहेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हर भारतीय खिलाड़ी को एक T20 मैच के लिए 4 लाख रुपये फीस मिलती है। सूर्या ने सातों मैच खेले, यानी वह कुल 28 लाख रुपये दान करेंगे।
फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से मात दी। यह टूर्नामेंट में पड़ोसी देश के खिलाफ भारत की लगातार तीसरी जीत रही। तिलक वर्मा ने शानदार अर्धशतक जड़ा, जबकि संजू सैमसन और शिवम दुबे ने अहम योगदान दिया। इसी के दम पर भारत ने दूसरा T20 एशिया कप और कुल मिलाकर 9वां एशिया कप खिताब जीता।

