48 घंटे में बदल गई कोरिया कलेक्टर, अब रोक्तिमा यादव को मिली जिम्मेदारी 

Share this

 

० छत्तीसगढ़ में आईएएस अफसरों के तबादला आदेश में संशोधन

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आईएएस अधिकारियों के तबादलों को लेकर जारी आदेश में एक बार फिर संशोधन किया है। इस बदलाव के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

सरकार द्वारा दो दिन पहले जारी तबादला सूची में 2012 बैच की आईएएस अधिकारी पुष्पा साहू को कोरिया जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया था। हालांकि, अब नए आदेश में उनकी पदस्थापना बदल दी गई है और उन्हें पुनः माध्यमिक शिक्षा मंडल का सचिव बना दिया गया है।

नए आदेश के अनुसार 2016 बैच की आईएएस अधिकारी रोक्तिमा यादव को कोरिया जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं 2019 बैच की आईएएस अधिकारी रीता यादव को उच्च शिक्षा विभाग का आयुक्त बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA) के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

गौरतलब है कि 6 मई को राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 42 आईएएस और एक आईएफएस अधिकारी का तबादला किया था, जिसमें सात जिलों के कलेक्टर भी बदले गए थे। उसी आदेश में पुष्पा साहू को कोरिया जिले की जिम्मेदारी दी गई थी।

हालांकि, इस अचानक संशोधन को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, जिससे प्रशासनिक स्तर पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

Share this
READ MORE  चैतन्य बघेल भेजे गए 5 दिन के रिमांड पर, ईडी ने लगाया जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप