पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, अव्यवस्था से आक्रोश: दूसरी तरफ प्रशासन का पर्याप्त स्टाक होने का दावा

Share this

० जिला प्रशासन ने लोगों से धैर्य रखने और अफवाहों से बचने की अपील

दुर्ग। भिलाई-दुर्ग सहित जिले के पेट्रोल पम्पों पर पेट्रोल-डीजल के लिए लगातार दो दिनों से मारामारी मची हुई है। इन पंपों पर दो पहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी लाइन लग रही है। दोपहिया वाहनों को बिना हेलमेट पेट्रोल दिया जा रहा है। वहीं लोगों को प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल दिया जा रहा है। इसके कारण भी पंपों पर भीड बढ़ रही है। पेट्रोल संकट के चलते क‌ई दोपहिया चालक धक्का मारते हुए भी नजर आ रहे हैं।

 

दूसरी तरफ प्रशासन का दावा है कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा पेट्रोल पंपों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। वर्तमान में जिले के 189 पेट्रोल और डीजल पंपों पर तेल कंपनियों द्वारा निरंतर आपूर्ति जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में पेट्रोल का 1421 किलोलीटर और डीजल का 1678 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है, जो अगले 5 दिनों से अधिक की आवश्यकता के लिए पर्याप्त है। जिले में पेट्रोल की दैनिक औसत खपत 293 किलोलीटर और डीजल की 374 किलोलीटर है। अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं द्वारा सामान्य से दोगुना ईंधन खरीदने से कुछ पंपों पर अस्थायी दबाव की स्थिति बन रही है। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ईंधन की जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराहट में आकर अनावश्यक संग्रहण न करें और केवल आवश्यकतानुसार ही ईंधन खरीदें। तेल कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर सभी पंपों पर सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

READ MORE  Big News : छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद लगभग समाप्त: गृहमंत्री विजय शर्मा का दावा, जनता और सुरक्षा बलों को दिया श्रेय
Share this