भिलाई से गायब हुए तीन नाबालिग स्कूली छात्र डोंगरगढ़ में मिले

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छः घंटों में ढूंढ निकाला

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

भिलाई। तीन दोस्त रात्रि में भिलाई से अचानक गायब हो गए थे, जिसे पुलिस ने सकुशल डोंगरगढ़ से घर पहुंचाया है। रात्रि करीब 8 बजे प्राथी द्वारा थाना छावनी में सूचना दी गई कि उसका नाबालिग पुत्र, जो महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल, तीन दर्शन मंदिर में पढ़ता है, सुबह करीब 11 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। बच्चा स्कूल पहुंचा, लेकिन स्कूल के अंदर जाने के बजाय अपने साथ पढ़ने वाले दो अन्य नाबालिग दोस्तों के साथ कहीं चला गया। सूचना प्राप्त होते ही थाना छावनी में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल पतासाजी प्रारंभ की गई। साथ गए दोनों अन्य नाबालिग बच्चों के परिजनों से भी संपर्क कर उनके संबंध में भी अपराध पंजीबद्ध किया गया।तीनों बच्चों की तलाश के लिए पुलिस टीम द्वारा स्कूल के आसपास तथा उनके संभावित मार्गों पर उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसके साथ ही पावर हाउस रेलवे स्टेशन के लगभग 20 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया गया तथा बच्चों के साथ अध्ययनरत अन्य विद्यार्थियों से पूछताछ कर उनके संभावित गंतव्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। पूछताछ एवं उपलब्ध जानकारी के आधार पर तीनों बच्चों के डोंगरगढ़ जाने की संभावना सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल डोंगरगढ़ रवाना की गई तथा डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन के आरपीएफ एवं संबंधित थाना पुलिस को भी सूचना देकर आवश्यक समन्वय किया गया। पुलिस टीम द्वारा सतत पतासाजी के दौरान रात्रि करीब 2:30 बजे तीनों नाबालिग बच्चों को डोंगरगढ़ मंदिर के पास से सकुशल बरामद किया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद तीनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

READ MORE  रानू साहू और माया वारियर ने एक साल में की 125 करोड़ की खरीदी

 

तीनों नाबालिग बच्चे स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे और स्कूल पहुंचने के बाद तीनों डोंगरगढ़ चले गए थे। छावनी पुलिस को उनके गुम होने की सूचना प्राप्त हुई तथा पुलिस द्वारा उन्हें डोंगरगढ़ मंदिर के पास से सकुशल बरामद किया गया।

दुर्ग पुलिस अभिभावकों से अपील करती है कि नाबालिग बच्चों के स्कूल जाने-आने, उनके साथियों तथा उनकी गतिविधियों की जानकारी रखें। बच्चा निर्धारित समय पर घर नहीं लौटता है या उसके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिलती है तो बिना विलंब पुलिस को सूचना दें। समय पर प्राप्त सूचना से पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर बच्चों की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।

Share this