
दुर्ग न्यूज, 7 फरवरी। यूपी की पुलिस ने छत्तीसगढ़ राज्य की पुलिस के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा का है, यहां छत्तीसगढ़ पुलिस के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया गया है।
छत्तीसगढ़ पुलिस ने विगत दिवस स्थानीय पुलिस को सूचना दिए बगैर ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित एलिस्टोनिया अपार्टमेंट सोसायटी से 9 युवकों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए युवकों पर ऑनलाइन सट्टा के कारोबार करने का आरोप है।ऑनलाइन सट्टा लॉयन बुक-15 के पांच पैनल चला रहे दुर्ग-भिलाई व छत्तीसगढ़ के इन सटोरियों को गिरफ्तार करने के मामले में सोमवार को एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने खुलासा भी किया। इसी मामले में यूपी पुलिस ने बिना जानकारी के कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए दुर्ग पुलिस पर धारा 365 के तहत केस दर्ज किया है।
बताया गया कि पुराने पकड़े गए सटोरियों से मिले इनपुट के आधार पर दुर्ग पुलिस व एंटी क्राइम व साइबर यूनिट की टीम ने ग्रेटर नोएडा में एक सोसायटी से दुर्ग पुलिस ने 9 सटोरियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सटोरियों में लोकेश कलवानी सुंदर बाजार भाटापारा, अभिषेक सिंह शांति नगर भिलाई, विशाल कुशवाहा गणेश नगर, एसीसी जामुल, अंकुश वर्मा संग्राम चौक, कैम्प-1 छावनी, आकाश साहू हार्डवेयर लाइन सुपेला, अंकित कनौजिया शॉप नंबर 8, वैशाली नगर, वैभव सिंह टिकरापारा बिलासपुर, शुभम राव एचएससीएल कालोनी सेक्टर 6 व डी आशीष जोन-1,सड़क 15, खुर्सीपार शामिल हैं। इस संबंध में दुर्ग एसपी डॉ अभिषेक पल्लव का कहना है कि यूपी पुलिस से नोटिस आने पर उसका तथ्यों के साथ जवाब दिया जाएगा।

