ब्रेकिंग न्यूज : धमतरी में अविश्वास प्रस्ताव से हटीं जनपद अध्यक्ष, प्रस्ताव से पहले उपाध्यक्ष साहू का इस्तीफा, गुंजा साहू के खिलाफ पड़े 23 मत, पक्ष में सिर्फ दो

Share this

धमतरी, (दुर्ग न्यूज ) 10 फरवरी। जनपद पंचायत धमतरी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ सदस्यों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर शुक्रवार को मतदान होना था। मतदान से पहले ही उपाध्यक्ष अवनेंद्र साहू ने अपना इस्तीफा कलेक्टर को दे दिया। फलस्वरूप उपाध्यक्ष के लिए मतदान नहीं हुआ।अध्यक्ष को मतदान में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें सिर्फ 2 वोट मिले।
जनपद पंचायत धमतरी में राजनीति गरमाई हुई है। जनपद पंचायत के 19 सदस्यों ने अध्यक्ष उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए कलेक्टर को आवेदन दिया था। जिस पर आज मतदान हुआ। मतदान के ठीक पहले उपाध्यक्ष श्री साहू ने अपना इस्तीफा कलेक्टर को सौंप दिया कलेक्टर ने इसे स्वीकारते हुए तुरंत ही जनपद में पत्र भेजकर उपाध्यक्ष के लिए अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान नहीं करने कहा। अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में अविश्वपास प्रस्ताव के पक्ष में 23 और विपक्ष में महज 2 वोट पड़े।
ज्ञात हो कि जनपद में कुल 25 सदस्य हैं, जिसमें भाजपा के 13 और कांग्रेस के 12 सदस्य हैं। अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के बाद भाजपा और कांग्रेस आपसी सहमति बनाने में जुटे रहे। इस बीच 25 में से 20 सदस्य अज्ञातवास में चले गए थे। इसके पहले कांग्रेस ने अपने सदस्यों को एकजुट करने का प्रयास भी किया, लेकिन सफल नहीं हो पाए। आज के घटनाक्रम से यह स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टी अपने सदस्यों को एकजुट नहीं कर पाई।जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। अब देखना होगा कि अगला अध्यक्ष, उपाध्यक्ष बनाने दोनों ही दल किस तरह की रणनीति अपनाते हैं।

Share this
READ MORE  कोरचोली मुठभेड़ में 13 नक्सली ढेर, मौके से मिले तीन और शव