
भिलाई नगर, 25 अप्रैल। ट्वीन सिटी दुर्ग-भिलाई को जोड़ने वाले वाय शेप ओवर ब्रिज में आज दोपहर को दर्दनाक सड़क हादसे में पिता पुत्री की मौत हो गई। बाइक सवार पिता एवं पुत्री दुर्ग से अपने घर सेक्टर 4 लौट रहे थे, इसी दौरान वाय शेप ओवर ब्रिज पर पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। मौके स्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। इस हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया था जिसे तत्काल पुलिस द्वारा नियंत्रित किया गया।
स्मृति नगर पुलिस ने बताया कि आज दोपहर को 2 बजे के करीब बाइक क्रमांक सीजी 07 एफ 1571 में सवार पी वेंकट एवं उसकी पुत्री पी अंजलि दुर्ग से भिलाई की ओर आ रहे थे। वायशेप ओवर ब्रिज पर टाउनशिप क्षेत्र की ओर आने वाले मोड़ पर पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 08 एवी 8697 के चालक द्वारा तेज एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए बाइक सवार दोनों ही पिता पुत्री को कुचल दिया जिसके कारण दोनों की घटनास्थल पर मौत हो गई। पुलिस के द्वारा सूचना पर से दोनों ही शवों को पीएम के लिए भेज दिया गया एवं परिजनों को जानकारी दी गई।
पुलिस ने बताया कि मृतक पी अंजलि पिता पी वेंकट राव (22 वर्ष) निवासी शॉप नंबर 10 के एन ए कृष्णा इंदिरा ए मार्केट सेक्टर 4 भिलाई, वेंकट राव पिता पी कृष्णा (48 वर्ष) निवासी सेक्टर 4 की इस हादसे में मौत हुई है।

